BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में जेडीयू के विधायक बोले- लड़ाकू आदमी हैं हम, मेरे पास रिवाल्वर रहता है जरूरत पड़ेगी तो ठोक देंगे

विवादों से चोली दामन का रिश्ता रखने वाले बिहार में जेडीयू के गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल अपने बयानों के कारण एक बार फिर से सुर्खियों में है। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि- लड़ाकू आदमी हैं हम, मेरे पास रिवाल्वर रहता है जरूरत पड़ेगी तो ठोक देंगे।

दरअसल बीते रविवार को बांका में जमीन विवाद के सिलसिले में बंधक बनाए जाने की घटना को लेकर सोमवार को नवगछिया अनुमंडल कार्यालय कैंपस में चर्चा के दौरान विधायक गोपाल मंडल ने बताया कि अगर पुलिस नही आती तो दोनों तरफ से मार होती। वे लोग ज्यादा लाठीबाज नहीं थे, बनिया बेताल था हमरे सामने टिकता नही, एक बार लाठी पकड़ लेते तो कितना को झांट देते। लड़ाकू आदमी हैं हम। फिर मेरे पास रिवाल्वर तो रहता ही है जरूरत पड़ता तो ठोक देते हो सकता है आक्रोश में हमीं गोली मार देते। 

विधायक ने कहा कि नौ माह पहले जमीन लिए थे, नौ माह के दौरान पच्चीसों बीघा वह लोग घेर लिया है। उस जमीन पर स्कूल बनाने की सोचे हैं। हम तो गए थे जमीन देखने लेकिन वहां वे लोग तो जमीन घेर रहे थे। उन्होंने कहा कि बंधक बनाने की बात झूठी है सिर्फ बातचीत हुई थी। एक घंटा हमलोगों को डिस्टर्ब किया उसको बंधक कहिए या जो कहिए। 

बांका में जमीन देखने गए तो लोगों ने किया विरोध
बता दें कि गोपालपुर के जदयू विधायक नीरज मंडल उर्फ गोपाल मंडल जमीन पर दावा करने बीते रविवार शाम बांका स्थित श्याम बाजार पहुंचे थे जहां पर उन्हें ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक आधे दर्जन वाहनों में करीब 30 समर्थकों के साथ श्याम बाजार के चंदवयगढ़ स्थित दुर्गा मंदिर के सामने भूखंड पर पहुंचे। वहां पर मौजूद श्याम बाजार निवासी नंद किशोर साह सहित अन्य लोगों ने विधायक का विरोध किया। आसपास के काफी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण जुट गए और विधायक का विरोध करने लगे। मामले को बढ़ता देख स्थानीय जदयू जिला महासचिव उमेश यादव, श्याम बाजार निवासी अनिरुद्ध यादव सहित काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विधायक से कहा कि आप इस मामले को लेकर पदाधिकारियों के पास जाएं। घटना की जानकारी होते ही बौंसी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ भागलपुर निकल गए। थानाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने बताया कि जमीन का मामला है और दोनों ही पक्ष अपने-अपने कागजात दिखा रहे हैं। इस मामले में 144 एवं 107 की कार्रवाई दोनों पक्षों पर की जा चुकी है।

वहीं विधायक का कहना था कि उक्त जमीन को भोला राय नामक व्यक्ति से खरीद किया है। खाता नं. 18 के 2 एकड़ 52 डिसमल विवाद हुआ है। जिसके लिए डीएम एवं एसपी को भी आवेदन दिया है। जिसमें कहा गया है कि मेरे जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है।  गोपाल मंडल ने कहा कि उन्होंने बौंसी में स्कूल खोलने के लिए 20-25 बीघा जमीन खरीदी है। रसीद भी कट गयी है। उसकी चारदीवारी को देखने गया था। वहां देखा कि जमीन पर कई लोगों ने मकान बना लिया है। समर्थकों के साथ पहुंचने पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये। अधिकांश नशे की हालत में थे। सभी घेरकर बहस करने लगे। हंगामा होता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने के बाद भी स्थानीय लोग नहीं मान रहे थे। आक्रोशित लोग आने भी नहीं दे रहे थे। पुलिस के सामने गाड़ी के सामने सो जाते थे। गाड़ी पर भी मुक्का मारकर विरोध जताने लगे। समर्थकों को संयमित रहने को कहा, ताकि किसी तरह की घटना नहीं हो। करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। दोनों पक्षों से लोग जिन्दाबाद-मुर्दाबाद का नारा लगाने लगे। विधायक ने कहा कि स्थानीय लोगों को 24 मार्च को विधानसभा का सत्र खत्म होने के बाद आने की बात कही है। बैठकर बात करेंगे। अगर स्थानीय लोग सबूत दे देंगे तो छोड़ देंगे। नहीं तो कोर्ट के आदेश से मकान तुड़वायेंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.