Breaking NewsCricketSPORTS

IPL 2021 का पूरा शेड्यूल जारी, 9 अप्रैल को आगाज, 30 मई को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल

इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के शेड्यूल का ऐलान हो गया है। एएनआई के मुताबिक, आईपीएल 2021 की शुरुआत 9 अप्रैल से होगी, जिसमें मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला होगा। यह मैच चेन्नई में खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला 30 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड ने हाल ही में इसी मैदान पर चार मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी दो मुकाबले खेले थे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज भी इसी मैदान पर खेली जाएगी।

बीसीसीआई की तरफ से आईपीएल के लिए मीडिया एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके मुताबिक, लीग स्टेज के दौरान हर टीम चार स्थानों पर मुकाबले खेलेगी। कुल 56 लीग मुकाबलों में चेन्नई, मुंबई कोलकाता और बेंगलुरु दस-दस मैचों की मेजबानी करेंगे, जबकि अहमदाबाद और दिल्ली में आठ मैच खेले जाएंगे।

इस बार आईपीएल की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि सभी मुकाबले तटस्थ स्थानों पर खेले जाएंगे और कोई भी टीम अपने घर में मैच नहीं खेलेगी। सभी टीमें लीग स्टेज के दौरान छह स्थानों में से चार पर ही मैच खेलेंगी। 

मुंबई इंडियंस ने जीता था IPL 2020 का खिताब

भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के केसों की वजह से आईपीएल 2020 का आयोजन यूएई में किया गया था। बीसीसीआई ने यूएई संग मिलकर सफलतापूर्वक इसका आयोजन करवाया था। इस सीजन में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया था। टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को मात दी थी। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.