बिहार में पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार शाम नीतीश सरकार ने मंजूरी दे दी है. राज्य में 10 चरणों में पंचायत चुनाव होगा. खास बात ये है कि पहली बार बिहार में पंचायत चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके साथ ही चुनाव में आने वाले 122 करोड़ के खर्चे को भी मंजूरी दे दी गई है.
बिहार सरकार की मंगलवार शाम को कैबिनेट बैठक हुई. बैठक में निर्णय लियाा गया कि इस बार पंचायत चुनाव में ईवीएम मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके साथ ही इस चुनाव में करीब 122 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा. इस धनराशि को जारी करने की अनुमति दे दी गई है. पंचायत चुनाव के लिए राज्य सरकार 90 हजार ईवीएम खरीदेगी. बता दें कि बिहार में होने वाले पंचायत चुनाव में वार्ड सदस्य, पंच, सरपंच, पंचायत स्तर पर मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों को चुना जाएगा.
कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया है कि पंचायत चुनाव में पुरानी आरक्षण की व्यवस्था को ही लागू किया जाएगा, यानी जो भी सीट पिछले पंचायत चुनाव में आरक्षित थीं, वह इस बार भी आरक्षित ही रहेंगी. बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए चुनाव आयोग के गाइडलाइंस के मुताबिक मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा. मतों की गणना सुबह 8 बजे से की जाएगी. हालांकि अभी तक 10 चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है.







Comment here