चंडीगढ़. अक्सर हम लॉटरी (Lottery) वाली बात सपनों या कहवतों में ही सुनते हैं. उम्मीद करते हैं कि हमें भी कोई लॉटरी लग जाए, लेकिन इसकी संभवना बेहद कम होती हैं. हालांकि, ऐसा भी नहीं है कि लॉटरी जीती ही नहीं जाती. पंजाब (Punjab) के अमृतसर में रहने वाली एक महिला ने महज 100 रुपए का लॉटरी टिकट खरीदा और 1 करोड़ का इनाम (1 Crore Rupees Prize) अपने नाम कर लिया है. इस जीत के बाद उनकी खुशी को कोई भी ठिकाना नहीं है.
अमृतसर की रहने वाली रेणु चौहान ने एक 100 रुपए की कीमत वाला लॉटरी की टिकट खरीदा था. उन्हें शायद उम्मीद नहीं होगी कि जल्द ही ये 100 रुपए एक करोड़ के इनाम में तब्दील होने वाले हैं. जैसे ही लॉटरी के नतीजे घोषित हुए, तो उन्हें पता लगा कि उनके नाम 1 करोड़ रुपए का इनाम लगा है. रेणु इस इनाम को परिवार के लिए बड़ी राहत की बात बताती हैं. वे कहती हैं ‘मेरे पति अमृतसर में कपड़ों की दुकान चलाते हैं और ये बम्पर रकम हमारे लिए काफी मददगार होगी. हमारे परिवार का जीवन आराम से चल पाएगा.’
राज्य सरकार की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि विजेता रेणु चौहान ने गुरुवार को टिकट और जरूरी कागजात जमा कर दिए हैं. उन्होंने इनाम की रकम प्राप्त करने के लिए ये कागजात राज्य लॉटरी विभाग में जमा कराए हैं. विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि लॉटरी के नतीजे 11 फरवरी को जारी किए गए थे. उन्होंने बताया ‘टिकट D-12228 की विजेता रेणु ने आज डॉक्यूमेंट्स जमा करा दिए हैं. विजेता के खाते में इनाम की राशी जल्द ही जमा करा दी जाएगी.’






Leave a Reply