मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के मामलों को देखते हुए मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर (Siddhivinayak Temple) को भी भक्तों के लिए बंद कर दिया गया है. श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट के अनुसार भक्तों के लिए यह रोक 2 मार्च को पड़ने वाली गणेश अंगारकी चतुर्थी के दिन रहेगी. 2 मार्च को मंदिर में किसी भी तरह के ऑफलाइन दर्शन की मंजूरी नहीं दी जाएगी. गणेश अंगारकी चतुर्थी के दिन सिर्फ पहले से जारी हुए क्यूआर कोड के जरिये ही सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक दर्शन करने की अनुमति रहेगी.
बता दें कि मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं. 24 घंटे में शहर में 1167 मामले सामने आए हैं. यह जानकारी महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने दी है. पूरे महाराष्ट्र में 8,807 मामले सामने आए हैं.
चिंताजनक बात ये है कि राज्य और मुंबई में बीते दो दिनों से नए मामलों की संख्या में कमी आई थी. मंगलवार को मुंबई में 643 तो पूरे राज्य में 6218 मामले सामने आए थे.
महाराष्ट्र के कई जिलों में राज्य सरकार ने बढ़ते मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन की घोषणा भी कर दी है. राज्य सरकार में मंत्री नितिन राउत ने सोमवार को कहा था कि नागपुर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की वजह से सात मार्च तक जिले में सख्त पाबंदी लगाई जा रही है.






Leave a Reply