पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ रही कीमतों के विरोध में जिला मुख्यालय भभुआ नगर में राजद कार्यकर्ताओं ने रविवार को आक्रोश मार्च निकाला। नगर की मुख्य सड़कों पर आक्रोश मार्च निकाल सरकार विरोधी नारे लगाए। इसके बाद नगर के एकता चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश जाहिर किया।
महंगाई की मार झेल रही देश की जनता
जिलाध्यक्ष अकलू राम ने बताया कि प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के आह्वान पर पेट्रोल डीजल, रसोई गैस के दाम में वृद्धि को लेकर युवा आक्रोश मार्च एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूरा देश इस समय महंगाई की मार झेल रहा है। किसान-मजदूरों की आर्थिक स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। देश कोरोना काल से गुजर रहा था। ऐसे बुरे दौर में षडयंत्र के तहत केंद्र की सरकार ने किसान विरोधी तीन कानूनों को पारित कर दिया। इससे गरीबों के रोजी-रोटी, रोजगार पर ग्रहण लगता जा रहा है। देश की सबसे बड़ी 60 प्रतिशत की युवा आबादी रोजगार के अभाव में दर-दर भटक रही है। जबकि देश के मुखिया को इसकी चिंता नहीं है।
हर वर्ग पर इसका प्रभाव पड़ रहा
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल डीजल और रसोई गैस का दाम बढऩे से हर आदमी प्रभावित है। हर घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। लोग परेशान हैं। लेकिन सरकार को इससे कोई मतलब ही नहीं है। राजद के साथ कार्यक्रम में माले कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में जर्नादन उपाध्याय, भोलानाथ सिंह, बिरजू सिंह पटेल, असलम अंसारी, सुरेंद्र यादव, बनारसी सिंह यादव, अवनीश कुमार पांडेय, राहुल कुमार पांडेय, मिलन सिंह, श्याम नारायण तिवारी, कमलेश प्रसाद, ब्रजेश यादव, सुभाष यादव के अलावा माले के मोरध्वज सिंह, बबलू गोंड, विशाल कुमार, मनीष कुमार, मुन्ना सिंह, शाहजहां आफरी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।






Comment here