कूचबिहार. पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव (West Bengal Elections) के मद्देनजर गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने गुरुवार को परिवर्तन यात्रा की अगुवाई की. इस दौरान कूचबिहार में एक सभा में उन्होंने कहा कि यह सोनार बांग्ला बनाने की परिवर्तन यात्रा है. शाह ने दावा किया कि राज्य की ममता बनर्जी सरकार घुसपैठ रोकने में नाकाम रही है. उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा घुसपैठ रोकने की यात्रा है.
उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा, बंगाल में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी. शाह ने आरोप लगाया कि ममता बंगाल को नीचे ले गईं. सभा में मौजूद लोगों से अपील शाह ने अपील की कि 10 साल तक टीएमसी को मौका दिया. एक मौका नरेंद्र मोदी (पीएम) को दें. हम आपको पांच साल में सोनार बांग्ला दे देंगे.
चुनाव होने तक ममता भी जयश्री राम बोलने लगेंगी- शाह
शाह ने कहा कि राज्य में बीजेपी की सरकार आने से रोजगार के अवसर बनेंगे. उन्होंने दावा किया कि राज्य में सरकार आने से किसानों की आय बढ़ेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता को गुंडों पर भरोसा है. उन्होंने कहा कि टीएमसी के ‘दंगा प्रमुख’ के मुकाबले बीजेपी का ‘बूथ प्रमुख’ पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगा.
शाह ने कहा कि ममता ने किसानों की मदद नहीं होने दी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो जो 12,000 रुपये नहीं मिले, उसके समेत 18,000 रुपये दिलाने के लिए पहली ही कैबिनेट मीटिंग में फैसला करेंगे. शाह ने आरोप लगाया कि ममता को राम से परेशानी है. उन्होंने पूछा कि जयश्रीराम के नारे से क्या आपत्ति है. शाह ने कहा कि चुनाव होने तक ममता भी जयश्री राम बोलने लगेंगी.
परिवर्तन यात्रा की शुरुआत से पहले शाह ने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो हम गरीबों का कल्याण करेंगे और लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ भी मिलेगा.






Comment here