BIHARBreaking NewsSTATE

देशभर में जल्‍द शुरू होने वाली है बेमौसम बरसात, ये राज्‍य होंगे प्रभावित…

नई दिल्‍ली: देशभर में शुष्‍क हो चले मौसम (Weather) में जल्‍द बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि देश के कई राज्यों में बेमौसम बरसात (Rain) की शुरुआत होने वाली है. विशेषज्ञों के पूर्वानुमान में कहा गया है कि मौसम में यह बदलाव फरवरी के दूसरे पखवाड़े के शुरुआती दिनों से आएगा, जिसके चलते कई राज्‍यों में बेमौसम बारिश होने या गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है.

मौसम का पूर्वानुमान बताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के प्रमुख विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि 16 से 20 फरवरी के बीच बारिश होने या गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है. इसे हम बेमौसम बरसात ही कहेंगे.

उन्‍होंने बताया क‍ि इस बेमौसम बारिश से मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु प्रभावित होंगे. इन सभी राज्यों में 16 से 20 फरवरी के बीच बारिश होने या गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है.

बता दें कि बेमौसम बरसात का यह दौर प्री-मॉनसून शावर नहीं है, क्‍योंकि प्री-मॉनसून शावर की शुरुआत तापमान के एक निश्चित सीमा के ऊपर पहुच जाने पर होती है. फ‍िलहाल अभी कई राज्यों में पारा सामान्य से नीचे चल रहा है.

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञ आगे बताते हैं कि पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे सटे छत्तीसगढ़ तथा विदर्भ के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो सकता है और इस सिस्टम से तेलंगाना होते हुए दक्षिणी तमिलनाडु तक एक ट्रफ विकसित हो सकती है. इन दोनों मौसमी सिस्टमों के चलते भारत के दोनों समुद्री किनारों अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आर्द्रता देश के जमीनी भागों के ऊपर पहुंचेगी, जिससे मौसम बिगड़ेगा और बारिश देखने को मिलेगी.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.