BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में कांग्रेस ने दिया नीतीश कुमार को समर्थन देने का प्रस्ताव, PM नरेंद्र मोदी को लेकर रखी शर्त

बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर राज्य की नीतीश सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव व केरल के प्रभारी तारिक अनवर ने कहा है कि कांग्रेस नीतीश कुमार को समर्थन देने के लिए तैयार। राज्य के लिए विशेष दर्जे के मुद्दे पर पार्टी जदयू को समर्थन देने को तैयार। नीतीश सिर्फ इतना करें कि अपने सहयोगी और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तैयार कर लें। तारिक सोमवार को पटना में स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।

नीतीश करें आवाज बुलंद, हम देंगे साथ

तारिक अनवर ने कहा कि नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद ये दावा किया था कि जबतक बिहार को विशेष दर्जा नहीं मिलेगा, तब तक विकास संभव नहीं है। तारिक ने कहा कि हम नीतीश कुमार का साथ देने के लिए तैयार हैं, लेकिन नीतीश कुमार पीएम को मना लें। आज केंद्र में उनकी सरकार है, बिहार में भी उनकी सरकार है। अब कोई रुकावट नहीं है। नीतीश कुमार फिर से आवाज बुलंद करें, हम उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के विशेष दर्जे की मांग काफी पुरानी है। अब केंद्र सरकार को इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

हठधर्मिता में किसानों की मांगों की अनदेखी कर रहा केंद्र

तारिक ने किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला किया और कहा कि मोदी सरकार अपनी हठधर्मिता में किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है। आज किसानों का आंदोलन राष्ट्रव्यापी नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मामला बन गया है। उन्होंने तीन कृषि कानून को काला कानून बताते हुए कहा कि आज जब किसान इस कानून का विरोध कर रहे हैं, तो कहा जा रहा है कि वे आतंकवादी हैं, खलिस्तानी हैं। 

किसान आंदोलन को गति देने को जिलास्तर पदयात्रा

हमारा दुर्भाग्य है हम किसान आंदोलन को आगे नहीं बढ़ा पाए। हमारा किसान संगठन भी मजबूत नहीं। उन्होंने एलान किया कि किसान आंदोलन को गति देने के लिए बिहार में हम जिलास्तर पर पद यात्रा करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज व मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.