Breaking News

महाराज का नया अंदाज, बोले- ज्योतिरादित्य सिंधिया कौन है? मैं सिर्फ बीजेपी का कार्यकर्ता हूं

ग्वालियर. भाजपा के राज्‍यसभा सांसद ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) गुरुवार को एक रात के प्रवास पर ग्वालियर (Gwalior) पहुंचे थे. इस दौरान उन्‍होंने कहा कि इस बार हम केंद्र से 400 करोड़ की योजना लेकर आए हैं. उऩ्होंने कहा, ‘चंबल से मुरैना और ग्वालियर के लिए पानी की योजना के लिए बजट में 250 करोड़ रुपये का प्रावधान कराया. ग्वालियर-शिवपुरी-चंदेरी के पर्यटन, चंदेरी के बुनकरों के लिए 75 करोड़ की योजना और महाकाल मंदिर के जीर्णोद्धार व रखरखाव के लिए 75 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी मिली है. इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह को धन्यवाद देना चाहूंगा.’

इसके अलावा उन्‍होंने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव के बयान पर भी अपनी राय रखी. सिंधिया ने कहा कि राव ने जो भी बोला सही था. भाजपा में हर कोई केवल पार्टी का कार्यकर्ता है. ज्योतिरादित्य सिंधिया कौन है? मैं नहीं जानता, मैं सिर्फ बीजेपी का कार्यकर्ता हूं.

आपको बता दें कि बजट से पहले सिंधिया ने जिन मांगों को लेकर वित्त मंत्रालय को चिट्ठी लिखी था उनकी घोषणा कर दी गई है. इसके बाद उन्‍होंने कहा था, ‘ मेरे अनुरोध पर केंद्र सरकार द्वारा बजट में ग्वालियर-मुरैना के पेयजल के लिए 250 करोड़, चंदेरी के पर्यटन और बुनकरों के विकास के लिए 75 करोड़, व उज्जैन के बाबा महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए 75 करोड़ की राशि स्वीकृत करने पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और फाइनेंस कमीशन के अध्यक्ष एनके सिंह का समूचे मध्य प्रदेश वासियों की ओर से हृदय से धन्यवाद. मुझे पूरा विश्वास है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से आने वाले समय में अब इन क्षेत्रों में विकास और प्रगति के नए द्वार खुलेंगे.’

राज्यसभा में दिग्विजय सिंह के साथ संवाद पर यह बोले सिंधिया
राजनीति में विचारों का आदान-प्रदान होता है. विचारों में मतभेद होते हैं, लेकिन मैं उस परिवार से आया हूं जहां विचारधाराओं में मतभेद होने के बाद भी राजनीति का एक स्तर रहा है. वही स्तर मैंने 20 सालों में राजनीति में मेंटेन करने की कोशिश की. उसी संदर्भ में हमारी चर्चा दिग्विजय सिंह जी से सदन में हुई थी. उनको जो कहना था वो कहा और मुझे जो कहना था मैंने कह दिया.

उमा भारती के शराबबंदी अभियान पर दिया बड़ा बयान
सांसद ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कहा कि यह मुद्दा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और उमा भारती के बीच के वार्तालाप का है. मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के लिए नीति बनाई जाती है. उन दोनों के बीच का संदर्भ है. मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं.

ग्वालियर व्यापार मेला रहेगा ऐतिहासिक: सिंधिया
हर बार हमने मेले को प्रोत्साहन देने के लिए कोशिश की है. इस बार भी हमारा मेला ऐतिहासिक रहेगा. पिछले सालों में टर्नओवर लगातार बढ़ा है. इस साल भी कोरोना के बाद भी पिछले साल के बराबर रेवेन्यू मिलेगा.

मुरलीधर राव के बयान पर सिंधिया की दो टूक
मुरलीधर राव के बयान पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उन्‍होंने कुछ भी नहीं कहा, जिसे गलत माना जाए. उन्‍होंने कहा कि जब पार्टी में कई लोगों का समावेश हुआ. समावेश में परिवार बढ़ता है, फिर भी सभी को जगह मिलती है. भाजपा में कोई सिंधिया गुट नहीं है, कोई दूसरा गुट नहीं है. बीजेपी में हर कोई केवल पार्टी का कार्यकर्ता है. ज्योतिरादित्य सिंधिया कौन है? मैं नहीं जानता, मैं सिर्फ बीजेपी का कार्यकर्ता हूं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.