Breaking NewsNational

बिहार में अब रविवार को भी होगी जमीन और मकानों की रजिस्ट्री, जानें वजह

बिहार के सभी निबंधन कार्यालय अब रविवार को भी खुले रहेंगे। आम दिनों की तरह हर रविवार को भी दस्तावेजों का निबंधन यानी जमीन, मकान फ्लैट की रजिस्ट्री होगी। सरकार का यह आदेश चालू वित्तीय वर्ष यानी 31 मार्च तक लागू रहेगा। इस बीच रविवार को काम करने वाले कर्मियों को बारी-बारी से दूसरे दिन अवकाश दिया जाएगा। अवकाश देने में यह ध्यान रखा जाएगा कि काम प्रभावित नहीं हो।  

राज्य सरकार ने दस्तावेजों के निबंधन से मिलने वाले राजस्व का लक्ष्य पाने के लिए गुरुवार को यह आदेश जारी किया है। सहायक निबंधन महानिरीक्षक अवधेश कुमार झा ने इसकी जानकारी सभी निबंधन कार्यालयों को दे दी। पत्र में बताया गया है कि आज से 31 मार्च तक हर रविवार को सभी जिलों के निबंधन कार्यालय खुले रहेंगे।

कोरोना के कारण लगभग चार महीने तक राज्य में निबंधन का काम बंद रहने से इस मद में मिलने वाले राजस्व में कमी आई है। साथ ही लोगों को भी परेशानी हो रही है। सरकार ने इस साल निबंधन से साढ़े चार हजार करोड़ प्राप्त करने का लक्ष्य तय किया था। लॉकडाउन के बाद खुलने के बाद निबंधन विभाग ने पहले समय लेकर निबंधन कराने की प्रक्रिया शुरू की। 

लिहाजा सितम्बर महीने से लक्ष्य से ज्यादा निबंधन होने लगा। बावजूद राजस्व की कमी पूरी नहीं की जा सकी। अब तक लगभग तीन हजार करोड़ रुपये का राजस्व दस्तावेजों के निबंधन से मिला है। राजस्व प्राप्ति अब भी लक्ष्य से लगभग डेढ़ हजार करोड़ पीछे है। इसी को ध्यान में रखकर सरकार ने इस वित्तीय वर्ष के हर रविवार को भी निबंधन कार्यालय खोलने का फैसला किया है। 
 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.