बेंगलुरु. भारत ने अगली पीढ़ी के पहले एंटी रेडिएशन मिसाइल रुद्रम-1 (Missile Rudram-1) के डिस्प्ले को बेंगलुरु में चल रहे एयरो इंडिया शो में मंगलवार को सबके सामने पेश किया है. भारतीय वायु सेना के सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के जरिए यह मिसाइल 200 किमी के दायरे में अपने लक्ष्य को पलक झपकते ही बर्बाद कर सकता है. रुद्रम-1 की सबसे अहम बात यह है कि दुश्मनों के रडार भी इससे नहीं बच सकते.
वहीं, कर्नाटक के येलाहांका स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन पर तीन से पांच फरवरी के बीच होने वाले 13वें द्विवार्षिक एयरो इंडिया-2021 शो में भाग लेने वालों के लिए कोविड-19 की नेगेटिव जांच रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है. आयोजन के लिए जारी तैयारियों के बीच भारतीय वायुसेना के अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि शो में शामिल होने या देखने के लिए कोविड-19 की नेगेटिव जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य कर दिया गया है.
येलाहांका वायुसेना स्टेशन के एयर ऑफिसर कमांडिंग एयर कोमोडोर शैलेन्द्र सूद ने कहा, ‘‘जो भी शो देखना चाहते हैं उन्हें कोविड-19 आरटी-पीसीआर जांच की नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी, उसके बिना प्रवेश नहीं मिलेगा.’’ उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट अधिकतम 72 घंटे पुरानी हो सकती है.
एयरो इंडिया की वेबसाइट के अनुसार, शो देखने के लिए रिपोर्ट 31 जनवरी की होनी चाहिए. आयोजकों ने तय किया है कि 15,000 से ज्यादा लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. रोजाना सिर्फ 3,000 लोगों को अनुमति मिलेगी.






Comment here