Breaking NewsENTERTAINMENT/FILM

क्रिकेट के बाद अब एकसाथ गोल्फ खेलते नजर आए सचिन-युवराज, PIC हो गई वायरल

नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर कई सालों तक एक साथ कई अद्भुत नजारे दिखाने के बाद सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) और युवराज सिंह (Yuvraj Singh) इस बार गोल्फ कोर्स (Golf Course) में एक साथ नजर आ रहे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो चुके सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह अब एक साथ गोल्फ की तरफ अपने कदम बढ़ा रहे हैं. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने युवराज से साथ गोल्फ खेलते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर भी शेयर की है. इस तस्वीर को शेयर करते हुए सचिन तेंदुलकर ने कैप्शन दिया है- ‘क्रिकेट से गोल्फ तक, हमने कुछ यार्ड की काफी यात्रा की है, युवी.’

क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद से सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह दोनों ही सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं. खासतौर पर सचिन, जिन्होंने हाल ही में भारत और ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान अपने विचार अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए थे. सचिन अक्सर थ्रोबैक, परिवार और दोस्तों के साथ बिताए पल भी सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं. ज्यादा वक्त नहीं हुआ है, जब सचिन ने ब्रायन लारा के साथ अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में सचिन गोल्फ कोर्स में ब्रायन लारा के साथ थे और गोल्फ खेल रहे थे.

कुछ दिन पहले ही, युवराज सिंह ने भी गोल्फ खेलते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था. इस वीडियो को शेयर करते हुए युवराज ने कैप्शन दिया था- ‘जिंदगी नहीं रुकती! आपको आगे बढ़ते रहना होता है 22 यार्ड्स से 18 छेदों की तरफ.’ युवराज ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के साथ भी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की थी. इस तस्वीर को कैप्शन दिया था- ‘जब टाइगर वुड्स और फिल मिकेलसन एक साथ हों.’ इस पर हरभजन सिंह ने भी कमेंट किया था.

गोल्फ खेलते हुए सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह

बता दें कि सचिन तेंदुलकर 25 साल खेलने के बाद 2013 में क्रिकेट से रिटायर हुए थे. जबकि युवराज सिंह 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हुए थे. क्रिकेट के मैदान पर युवराज और सचिन कई यादगार साझेदारियों के गवाह रहे हैं. इस दोनों की सबसे यादगार साझेदारी इंग्लैंड के खिलाफ 2008 में चेन्नई में हुई थी. इन दोनों ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में पांचवे विकेट के लिए नाबाद 163 रनों की साझेदारी की थी. 387 रनों का पीछा करते हुए सचिन ने नाबाद 103 और युवराज ने 85 रनों की पारी खेली थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.