BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में घने कोहरे के बीच रास्ता भटक गई पुलिस, गड्ढे में गई जीप तो पैदल ढाई घंटे बाद पहुंचे थाने

शुक्रवार की रात 10 बजे से ही छाया घना कोहरा इस कदर गहरा गया कि सड़क तक दिखाई देनी बंद हो गई। इसी में रास्ता भटक कर बक्‍सर जिले के राजपुर थाने की पुलिस कई किलोमीटर आगे निकल गई। जब रास्ता भटक जाने का अहसास हुआ तब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस अपने थाने पर पहुंच सकी।

शुक्रवार को शाम से ही कोहरे के असर दिखाई देना शुरू हो गया था। पर इस कदर गहरा जाएगा कि चंद कदम दूर की चीजें भी नजर नहीं आएंगी ऐसा किसी ने सोचा भी नहीं था। वास्तव में शुक्रवार की रात बक्सर में कोहरे का असर इतना घना था कि पिछले कई वर्षों में ऐसा घना कोहरा नहीं देखा गया था। हद तो तब हो गई जब जिस रास्ते से दिन भर में कई बार गुजरने की आदत हो उसमें भी लोग भटक कर कई किलोमीटर दूर निकल जाएं। ऐसी ही घटना का सामना शुक्रवार की रात राजपुर पुलिस को करना पड़ गया।

शराब मामले में छापेमारी से लौट रही थी पुलिस टीम

इस संबंध में राजपुर थनाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक शराब तस्कर को पकड़ने के लिए पुलिस टीम के साथ थानाक्षेत्र के देवढ़िया गए थे। तब भी कुहासा तो पड़ रहा था, पर उतना अधिक घना भी नहीं था कि जाने में कोई परेशानी होती। वहां टेम्पू राम नामक व्यक्ति के घर छापेमारी करते हुए 25 बोतल शराब समेत उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहां से लौटने तक कुहासा इतना अधिक घना हो गया कि पास की चीजें भी देखने मे परेशानी होने लगी

जीप के साथ पैदल चलकर थाने पहुंचे पुलिसकर्मी

अभियुक्त को गाड़ी में बैठाकर किसी वहां से लेकर निकल तो गए, पर कुछ ही दूर आगे जाने के बाद रास्ते का अंदाज लगाना कठिन हो गया। इस बीच रास्ता भटक कर काफी आगे निकल जाने के बाद रास्ता भटकने का अहसास हुआ। वहां से फिर वापसी में रास्ता का बिल्कुल पता नहीं चलने के कारण गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में चली गई, तब दो सिपाही पैदल टॉर्च लेकर आगे चलते रहे और किसी तरह ढाई घंटे बाद थाना पहुंचने में सफलता मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपनी अब तक कि जिंदगी में उन्होंने इतना घना कोहरा पड़ते कभी नहीं देखा था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.