आयुष्मान कार्ड से गरीबों के जीवन में आएगी खुशहाली
- आयुष्मान भारत योजना के तहत शिवहर जिले में गोल्डेन कार्ड बनाने का कार्य जोरों पर
-जिले में रोजाना 60 से 80 कार्ड बन रहे
शिवहर, 22 जनवरी|
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में गोल्डेन कार्ड बनाने का कार्य जोरों पर है। शिवहर जिले में पंचायत स्तर पर कैंप का आयोजन कर हाथोंहाथ गोल्डेन कार्ड जारी किया जा रहा है। पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर और वसुधा केंद्रों पर इसका निर्माण किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना की ऋचा ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते गोल्डेन कार्ड निर्माण का काम बंद कर दिया गया था। अब विशेष कैंप के जरिये कार्ड का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्ड के आधार पर गरीब और जरूरतमंद लोग बड़े अस्पतालों में पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं।
जिले में रोजाना 60 से 80 कार्ड बन रहे
पात्र लाभुक प्रधानमंत्री द्वारा प्राप्त पत्र, राशन कार्ड तथा आधार कार्ड के साथ उक्त केंद्रों पर पहुंच कर कर्मी को जानकारी देकर अपना गोल्डेन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। आयुष्मान भारत योजना की ऋचा ने बताया कि जिले में रोजाना लगभग 60 से 80 कार्ड बन रहे हैं। इस योजना के तहत राज्य अथवा राज्य के बाहर सूचीबद्ध सभी सरकारी, निजी अस्पतालों तथा चिकित्सा महाविद्यालयों में पांच लाख तक का इलाज करा सकते हैं।
पंचायत स्तर पर कैंप लगाया जा रहा
योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों का कार्ड बनाने के लिए शिवहर जिला में पंचायत स्तर पर कैंप लगाया जा रहा। जिससे हर व्यक्ति आसानी के साथ अपना कार्ड बनवा सके । कार्ड बनाने की जिम्मेदारी पंचायत स्तर पर तैनात कार्यपालक सहायकों को दी गयी है। जो अपने क्षेत्र के लोगों को सुविधाजनक तरीके से सेवा देंगे। एक भी व्यक्ति कार्ड बनाने से वंचित नहीं रहे , इसका ख्याल रखा जा रहा।
जागरूक कर रही आशा, सहयोग में जनप्रतिनिधि
आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और कार्ड बनाने के लिए प्रेरित करेंगी। साथ ही, कार्ड बनने के बाद इलाज में होने वाली सरकारी मदद की भी जानकारी देंगी। कोई वंचित नहीं रहे, इसके लिए पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि मुखिया, वार्ड सदस्य समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी सहयोग करेंगे। साथ ही कार्ड बनाने को लेकर उन्हें जागरूक करेंगे।
कोरोना काल में इन उचित व्यवहारों का करें पालन,-
- एल्कोहल आधारित सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
- सार्वजनिक जगहों पर हमेशा फेस कवर या मास्क पहनें।
- अपने हाथ को साबुन व पानी से लगातार धोएं।
- आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें।
- छींकते या खांसते वक्त मुंह को रूमाल से ढकें।








Leave a Reply