दिल्ली. दो गज दूरी मास्क है जरूरी अब कॉलर ट्यून (Caller tune) पर आपको अमिताभ बच्चन की आवाज में यह मैसेज नहीं सुनाई देगा. कोरोना से बचाव वाली कॉलर ट्यून में अब बदलाव होने वाला है. कल यानी शुक्रवार 15 जनवरी से अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) की जगह महिला आर्टिस्ट की आवाज में कॉलर ट्यून लोगों को सुनाई देगी. कोरोना काल में पिछले कई महीनों से अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) की आवाज में कोरोना संक्रमण से सम्बंधित संदेश दिया जा रहा है, जिसमें अमिताभ बच्चन लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के उपाय और क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए ये सब संदेश में बोलते सुनाई देते हैं.
अमिताभ की आवाज की कॉलर ट्यून को अब बदलने का फैसला लिया गया है. अब जब आप किसी को फोन लगाएंगे तो कॉलर ट्यून में आपको जसलीन भल्ला की आवाज सुनाई देगी. ऐसा कहा जा रहा है कि सरकार अब कोरोना वैक्सीन के प्रति जागरूकता फैलना चाहती है इसीलिए आवाज को बदला गया है. नई कॉलर ट्यून में लोगों को टीके को लेकर जागरूक किया जाएगा और सन्देश दिया जाएगा कि वो किसी भी तरह की अफवाह में न आएं.
बताया जा रहा है कि हिंदी और अंग्रेजी दो भाषाओं में यह कॉलर ट्यून होगी. वहीं इसमें बजने वाला मैसेज 30 सेकेंड का होगा. गौरतलब है कि भारत में कोरोना की शुरूआत होने के बाद सबसे पहले वॉइस ओवर आर्टिस्ट जसलीन भल्ला की आवाज में ही कॉलर ट्यून रिकॉर्ड की गई थी.
दिल्ली हाई कोर्ट में दायर हुई थी याचिका
उल्लेखनीय है कि बिग बी की आवाज वाली कॉलर ट्यून हटाने को लेकर कुछ दिन पहले दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी. इस याचिका में कहा गया था कि कॉलर ट्यून में असली कोरोना वॉरियर की आवाज होनी चाहिए. ऐसे में अमिताभ बच्चन की आवाज को कोरोना कॉलर ट्यून से हटाया जाए.






Comment here