पटना
बिहार में रोड कनेक्टिविटी (Road Connectivity in Bihar) को और बेहतर बनाने के लिए नीतीश कुमार सरकार (Nitish Kumar Govt) लगातार जरूरी कदम उठा रही है। इसी के मद्देनजर सोमवार को मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान सरकार ने प्रदेश में 120 जगहों पर बाईपास बनाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री (Bihar CM Nitish Kumar) ने पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया है कि अगले 3 साल में सभी जगह पर बाईपास निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाए।
31 बाईपास नेशनल हाइवे पर, 89 स्टेट हाइवे पर बनाने का फैसला
जानकारी के मुताबिक, बिहार में 120 जगहों पर बनने वाले बाईपास की कुल लंबाई करीब 708 किलोमीटर होगी। इसमें करीब 4154 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इनमें से 31 बाईपास नेशनल हाइवे पर होंगे, 89 स्टेट हाइवे पर बनाए जाएंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक में शहरी इलाके में बाईपास और फ्लाईओवर के निर्माण और ग्रामीण इलाकों में भी संपर्कता आदि मुद्दों पर चर्चा की। इसी दौरान इन फैसलों पर सहमति जताई।
सीएम बोले- दानापुर कैंट का बाईपास रोड बेहद अहम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाईपास की चौड़ाई 7 मीटर से कम नहीं हो। जहां जरूरी हो वहां एलिविटेड सड़क भी बनाई जाए। नीतीश कुमार ने कहा कि दानापुर कैंट का बाईपास मार्ग बेहद जरूरी है। साथ ही जेपी सेतु के समानांतर चार लेन का पुल बनाने समेत दूसरी सभी योजनाओं में तेजी से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन बाईपास का निर्माण होने से बिहार के किसी भी हिस्से से पटना पहुंचने में अधिकतम 5 घंटे का समय लगेगा।

लगातार बैठक में जुटे हैं मुख्यमंत्री
पहली जनवरी को नीतीश कुमार सचिवालय पहुंचे थे और अधिकारियों के साथ अहम बैठक की थी। बाद में मुख्यमंत्री कहा बताया था कि अब वह सचिवालय से बैठकर ही काम किया करेंगे। सप्ताह में कम से कम एक दिन तो वह जरूर सचिवालय में बैठकर काम करेंगे। उस दौरान उन्होंने कहा कि वह लोगों के काम के लिए हर वक्त सोचते रहते हैं।





Leave a Reply