इस्लामाबाद. पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (PML-N) सरकार द्वारा 2017 में बड़े जोरशोर के साथ शुरू की गई वाईफाई परियोजना (WiFi Project) को इमरान खान सरकार (Imran Khan Government) ने बंद कर दिया है. यह वाईफाई परियोजना पाकिस्तान के पंजाब प्रांत (Punjab Provinces in Pakistan) में भारी-भरकम वार्षिक नुकसान के बाद बंद की गई है. एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस परियोजना में सालाना 195 मिलियन डॉलर की लागत आ रही थी, जिससे प्रांतीय खजाने को भारी नुकसान हो रहा था.
सार्वजनिक स्थलों पर दी जा रही थी मुफ्त में इंटरनेट
पंजाब इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी बोर्ड (PITB) पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त इंटरनेट सेवा प्रदान कर रहा था इसके साथ ही लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी में 200 से अधिक वाईफाई हॉटस्पॉट की सुविधा प्रदान करने के लिए नई परियोजना शुरू की गई थी.
बकाया भुगतान नहीं होने के चलते प्रोजेक्ट किया गया बंद
जनवरी 2019 में पाकिस्तान दूरसंचार कंपनी लिमिटेड (PTCL) को बकाया भुगतान न करने के कारण इस वाईफाई परियोजना को निलंबित कर दिया गया था. हालांकि सार्वजनिक विरोध के बाद सेवा को बहाल कर दिया गया. द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया कि इस परियोजना के बंद होने से बड़ी संख्या में छात्रों और प्रांत के अन्य आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं.

पंजाब इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी बोर्ड (PITB) के अधिकारियों ने कहा कि इस वाईफाई परियोजना को पिछले साल खत्म कर दिया गया था और अब बोर्ड पंजाब सरकार के साथ मिलकर नागरिकों को स्थायी वाईफाई सुविधा प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विचार कर रहा है.





Leave a Reply