ASSAMBreaking NewsSTATE

भारत में ये लड़की रचने जा रही इतिहास, महज 21 साल की उम्र में बनेंगी इस शहर की मेयर

गुवाहाटी

भारत की रहने वाली 21 साल की आर्या राजेंद्रन देश की सबसे युवा मेयर बनने का रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। वो केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम की नई मेयर बन सकती हैं। कॉलेज छात्रा आर्या इस बार का नगर निकाय चुनाव जीत चुकी हैं। यदि ऐसा हुआ तो आर्या देश की सबसे युवा मेयर बनने का खिताब अपने नाम करेंगी।

सीपीएम की तिरुवनंतपुरम जिला इकाई की तरफ से मेयर पद के लिए आर्या राजेंद्रन के 21 साल के नाम की सिफारिश की गई है। इस सिफारिश को राज्य समिति द्वारा स्वीकार किए जाने की प्रबल संभावना है। इसकी अंतिम घोषणा कल होने की संभावना है।

आपको बता दें कि आर्या राजेंद्रन तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में मुडावंमुगल वार्ड से काउंसिलर चुनी गई हैं। उनको मेयर पद पर नियुक्त करने का फैसला सीपीएम के जिला पैनल ने लिया है। सीपीएम ने इस बार केरल नगर निकाय चुनाव में जितने भी उम्मीदवार उतारे थे उनमें भी वह सबसे कम उम्र की प्रत्याशी थीं। एलडीएफ के सीटिंग मेयर को हार का सामना करना पड़ा है।

आर्या सीपीएम की लोकप्रिय सदस्य हैं। खबर है कि शुरू में पेरूरकाडा वार्ड के पार्षद और वरिष्ठ नेता जमीला श्रीधरन को मेयर बनाने की बात चल रही थी, लेकिन आखिरकार पार्टी ने तय किया कि युवा को ही इस पद पर बिठाया जाए।

आर्या ने कहा है कि पार्टी द्वारा उन्हें जो भी भूमिका सौंपी जाएगी उसे निभाएंगी, उनका कहना है कि उनका मुख्य फोकस महिलाओं से जुड़े मुद्दे और विकास से संबंधित दूसरे काम होंगे।


बता दें कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव में सीपीएम के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट को एक बार फिर जीत मिली है। 100 वार्डों में एलडीएफ को 51, एनडीए को 34, यूडीएफ को 10 और अन्य को पांच वार्डों में जीत मिली है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.