कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का आज 23वां दिन है.प्रदर्शन करने के अधिकार को मूल अधिकार बताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि किसानों के आंदोलन में इस समय न्यायालय हस्तक्षेप नहीं करेगा और इसे ‘बगैर किसी बाधा’ के जारी रखने की अनुमति दी जानी चाहिए. शीर्ष न्यायालय ने केंद्र और आंदोलनरत किसानों के बीच जारी गतिरोध को तोड़ने की अपनी कोशिश के तहत तीन नए कृषि कानूनों को स्थगित रखने का विचार दिया है, ताकि उनके बीच वार्ता जारी रह सके.
इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के किसानों से बात करेंगे और उन्हें नए कृषि कानूनों के फायदे बताएंगे. रायसेन में आज सुबह 11 बजे से शुरू हो रहे प्रदेश स्तरीय कृषि महासम्मेलन में प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे और किसानों से संवाद करेंगे. इस किसान महासम्मेलन के माध्यम से किसानों को नए कृषि कानून के फायदे बताए जाएंगे.
मेरठ में एक किसान सम्मेलन के दौरान केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- विपक्ष ये कहता है कि जिसने बिलों को बनाया वे किसान नहीं हैं. क्या वे जिन्होंने 40 इंच के आलू उत्पादन की बात की वे किसान हैं? क्या सोनिया गांधी किसान हैं? वास्तव में अगर किसानों के लिए किसी ने कुछ किया है तो वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं.





Leave a Reply