नई दिल्ली. नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के विरोध में किसान देश की राजधनी दिल्ली (Delhi) में डटे हुए हैं. वो इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने किसानों के समर्थन में सोमवार को उपवास (Fast) रखने का निर्णय लिया है. उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के नेताओं-कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी किसानों के समर्थन में सोमवार को उपवास रखने की अपील की.
सीएम केजरीवाल (CM Kejriwal) ने बीजेपी और केंद्रीय नेताओं द्वारा किसानों को देशद्रोही बताए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसा कहकर अन्नदाताओं का अपमान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बॉर्डर (दिल्ली के) पर हजारों की संख्या में रिटायर्ड सेना के जवान जो वहां बैठे हैं, क्या वो देशद्रोही हैं? सैकड़ों खिलाड़ी, जिन्होंने देश के लिए न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मेडल जीते, वैसे कितने खिलाड़ी वहां किसानों के साथ बैठे हैं. अपने घरों से भी वो किसानों को दुआएं भेज रहे हैं जो देश के लिए खेले थे और जीते थे वो सब क्या देशद्रोही हैं?
केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार अहंकार छोड़े और देश और किसानों के हित में कृषि कानूनों को तुरंत रद्द करे.
रविवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मिले कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमरवहीं किसानों के जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और सोमप्रकाश ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इन मंत्रियों के साथ पंजाब के बीजेपी नेता भी थे. तोमर, सोमप्रकाश और पीयूष गोयल ने प्रदर्शनकारी किसानों के साथ वार्ता में सरकार का नेतृत्व किया था.एक अधिकारी ने बताया कि तोमर और सोमप्रकाश ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. हालांकि यह अभी पता नहीं चल सका है कि बैठक में क्या बातचीत हुई.
बता दें कि बीते अठारह दिन से पंजाब-हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित अन्य क्षेत्रों के किसान केंद्र सरकार के बनाए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं. किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में आठ दिसंबर को भारत बंद बुलाया था.





Leave a Reply