बारां (राजस्थान): Marriage in PPE kit : कोरोना काल में हो रही शादियों में जहां मेहमानों की संख्या को लेकर सरकार की तरफ से लगातार दिशा-निर्देश आते रहे हैं. वहीं इस बीच एक ऐसी शादी का वीडियो भी सामने आया है जिसमें दूल्हा दुल्हन समेत फेर कराने वाले पंडित और कन्यादान करने वाले माता-पिता ने भी पीपीई किट पहनी हुई है.
ये वीडियो राजस्थान के बारां जिले में हुई एक शादी का है. ये शादी जिले की शाहबाद तहसील के केलवाड़ा गांव के कोविड केयर सेंटर में संपन्न हुए विवाह का है. दरअसल शादी वाले दिन ही दुल्हन की कोविड-19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. जिसके बाद परिवार वालों ने कुछ इस तरह से शादी करने का फैसला किया.
वीडियो में आप खुद देख सकते हैं कि किस प्रकार आसमानी रंग की पीपीई किट पहने दुल्हा और दुल्हन मंडप पर बैठे हैं. बगल में कन्यादान करने के लिए दुल्हन के माता-पिता सफेद रंग की पीपीई किट पहने बैठे हैं और थोड़ी दूरी पर पंडित जी मंत्रोच्चार कर रहे हैं.

वीडियो में काफी दूर तक कोई अन्य शख्स दिखाई नहीं दे रहा है. ये पूरा विवाह समारोह सरकार को कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया था.
बता दें कि देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ पहुंचने वाली और वैक्सीन के ट्रायल अभी तक जारी है. ऐसे में सरकार समय समय पर लोगों को सामाजिक दूर बनाए रखने, मास्क पहनने और बार बार साबुन से हाथ धोने की हिदायतों के साथ अपने रोजमर्रा के कामकाज करने की अनुमति दे रखी है. शादी समारोह के लिए भी लोगों की संख्या निर्धारित की गई है.





Comment here