Breaking NewsENTERTAINMENT/FILM

राजपाल यादव ने ग्रेटर नोएडा के बजाय पीलीभीत में फिल्म सिटी बनाने की मांग की

पीलीभीत. अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी (Film city) के निर्माण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की जोरदार तैयारियों के बीच बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) ने इसे ग्रेटर नोएडा के बजाय पीलीभीत (Pilibhit) में बनाने की मांग की है. यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा में फिल्म सिटी बना रहे हैं. जबकि पीलीभीत जिला इसके लिए ज्यादा उपयुक्त है. उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा के बजाय रुहेलखंड (Ruhelkhand) के पीलीभीत जिले में चलचित्र नगरी बननी चाहिए क्योंकि यहां जंगल, पहाड़ और वादियां पहले से ही मौजूद हैं. यहां फिल्म सिटी बनाने में ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ेगा और कुदरती लोकेशंस भी मिलेंगी.

इन पवित्र नदियों का आशीर्वाद भी फिल्म सिटी को मिलेगा

शाहजहांपुर स्थित अपने पुश्तैनी गांव कुंडरी पहुंचे हास्य अभिनेता यादव ने कहा कि पीलीभीत में फिल्म सिटी बनने के बाद गौरीफंटा, नैनीताल के अलावा बरेली मंडल की एक सुंदर तस्वीर उभर कर सामने आएगी. उन्होंने कहा ‘हम पूरा प्रयास कर रहे हैं कि फिल्म सिटी पीलीभीत में ही बने. हम इसके लिए जी-जान से लगे हैं. गंगा, गोमती, यमुना जैसी पवित्र नदियों से घिरे रुहेलखंड की इन पवित्र नदियों का आशीर्वाद भी फिल्म सिटी को मिलेगा और पूरी दुनिया में रुहेलखंड का नाम होगा.’ गौरतलब है कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी के निर्माण की जोरशोर से तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री योगी इसी सिलसिले में पिछले दिनों मुम्बई भी गये थे. फिल्म सिटी को लेकर योगी सरकार और महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार के बीच अनबन की बात भी सामने आई थी.
विज्ञापनnull
प्रकाश झा ने सीएम योगी से चर्चा की
वहीं, कुछ देर पहले खबर सामने आई थी कि मशहूर फिल्म निर्माता प्रकाश झा ने लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकत की है. बताया जा रहा है कि ‘फिल्म सिटी’ से प्रभावित होकर प्रकाश झा ने सीएम योगी से चर्चा की. इससे पहले सीएम योगी ने कहा कि यह सिर्फ प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए सबसे खूबसूरत ‘फिल्म सिटी’ होगी. दरअसल, महाराष्‍ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने कहा कि किसी को फिल्मोद्योग को ‘जबरन’ यहां से ले जाने नहीं दिया जाएगा. वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि यह खुली प्रतिस्पर्धा है और जो प्रतिभा को उभरने के लिए सही माहौल और सुरक्षा दे सकेगा, उसे निवेश मिलेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.