BIHARBreaking NewsENTERTAINMENT/FILMSTATE

‘चलो बिहार की शादी देखते हैं’, सोनू सूद ने स्‍वीकार किया आरा की बेटी नेहा का निमंत्रण!

भोजपुर । फिल्म अभिनेता सोनू सूद इन दिनों अक्सर अपनी फिल्मों से अधिक लोगों की मदद करने को लेकर चर्चा में रहते हैं। एक बार फिर वे चर्चा में है। इस बार वे एक छात्रा की शादी में आने का निमंत्रण स्वीकार कर चर्चा में आए हैं। वह छात्रा बिहार के आरा शहर की रहने वाली है। छात्रा नेहा ने अपनी शादी का कार्ड फिल्म अभिनेता को ट्वीट कर दिया हैं। छात्रा की शादी का कार्ड मिलने के बाद फिल्म अभिनेता ने भी अपने ट्वीटर पर ट्वीट कर लिखा है, चलो बिहार की शादी देखते हैं।

गौरतलब हो कि कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंद लोगों की मदद करके अभिनेता सोनू सूद देश स्तर पर चर्चा में आए थे। इसके अलावा असहायों की मदद व सामाजिक कार्यों को लेकर भी वे अक्सर छाए रहते हैं। दरअसल, छात्रा नेहा ने फिल्म अभिनेता को अपनी शादी का कार्ड ट्वीट कर लिखा है कि सोनू सूद सर, यह आपके लिए। मैंने बोला था कि भगवान जी के बाद किसी को कार्ड देंगी तो आपको। आपकी वजह से मेरी बहन अब तक ठीक है और पूरा परिवार भी। छात्रा के इस ट्वीट से भावुक होकर फिल्म अभिनेता ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने शादी में आने की बात कही है।

—–

छात्रा की बीमार बहन का भी सोनू सूद ने कराया था ऑपरेशन

दरअसल, नेहा नामक छात्रा की बीमार बहन का फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने ऑपरेशन कराया था। आरा नवादा थाना के करमन टोला मुहल्ले की नेहा ने एक सितंबर 2020 को सोनू सूद ट्विटर पर टैग कर लिखा था कि उसकी बहन दिव्या सहाय उर्फ चुलबुल की तबीयत बहुत खराब है और उसे एक ऑपरेशन की सख्त जरूरत है। उस समय छात्रा ने अपने ट्वीट में लिखा था कि लॉकडाउन की वजह से दिल्ली एम्स में मिली तारीख पर सर्जरी नहीं हो पाई। उसने सोनू सूद से आग्रह किया था कि किसी तरह से एम्स में सर्जरी की तारीख दिलवा दें और कुछ नही चाहिए। इसके बाद सोनू सूद ने नेहा के ट्विटर पर रिप्लाई करते हुए पांच सितम्बर को लिखा था कि आपकी बहन हमारी बहन है। उनका अस्पताल में इंतजाम करा दिया गया है। आखिर में सोनू सूद की पहल पर ऋषिकेश के एम्स में दिव्या सहाय का की सफल सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद दिव्या सहाय स्वस्थ है।

11 दिसंबर को होनी है नेहा की शादी

आरा शहर के करमन टोला निवासी उमाशंकर सहाय उर्फ छोटन जी बक्सर के एक कॉलेज में क्लर्क हैं। श्री सहायक को एक पुत्र अभिषेक व दो पुत्री नेहा व दिव्या है। बहनों में नेहा बड़ी है। वह भोजपुर के ही सकड्डी स्थित मध्य विद्यालय में टीचर है। नेहा की शादी चंडीगढ़ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में पीओ के पद पर कार्यरत वैभव से तय हुई है। 11 दिसंबर को विवाह की तिथि तय है। वैसे वैभव का भी परिवार मूल रूप से आरा के चिक टोली रोड स्थित लाला गली का मूल निवासी है। वर्तमान में परिवार चंडीगढ़ में रहता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.