BIHARBreaking NewsSTATE

नई सरकार की तैयारी तेज, नीतीश कुमार ने गर्वनर को सौंपा इस्तीफा

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली जीत के बाद अब सूबे में नई सरकार की ताजपोशी की तैयारी तेज हो गई है. चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की तैयारी कर रहे नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंपा. इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार सीएम आवास लौट आए हैं.

राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात के पहले नीतीश कैबिनेट की बैठक भी हुई. बैठक में नीतीश कुमार ने दिवंंगत नेताओं को याद कर मौन रखा. कैबिनेट की बैठक में नीतीश कुमार ने सभी मंत्रियों को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों का कार्य हमेशा याद रखा जाएगा. कोरोना के समय सभी ने बेहतर काम किया. इसके साथ ही नीतीश कुमार ने मंत्री मंडल भंग करने की घोषणा भी कर दी है.

दिवाली के बाद चुनेंगे नया नेता

इस बीच खबर यह है कि बिहार विधान सभा चुनावों में बहुमत प्राप्त करने वाला एनडीए गठबंधन अब दीवाली बाद अपना नया नेता चुनेगा. 15 नवंबर यानी रविवार को दोपहर 12.30 बजे एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक होगी. तो वहीं चकाई से निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने नीतीश कुमार को अपना समर्थन देने की बात कही. भाई अजय सिंह ने भी सीएम से मुलाकत की है. बता दें कि सुमित सिंह बिहार के पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के बेटे हैं. सुमित सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल की वर्तमान विधायक सावित्री देवी को 581 वोटों के अंतर से हरा दिया था.

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद 243 सदस्यीय सदन में 125 सीटों पर जीत के साथ ही एनडीए को पूर्ण बहुमत मिला है. अब प्रदेश में नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है. आज एनडीए (NDA) की एक अनौपचारिक बैठक हुई. जिसमें सभी चारों दलों- भाजपा, जदयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा एवं विकासशील इंसान पार्टी के बड़े नेता मिले. इस मीटिंग में नई सरकार के स्वरूप को लेकर चर्चा हुई आने वाले कुछ दिनों में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में तय होगा कि कौन इसका नेता होगा

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.