बिहार में किसकी सरकार बनेगी और विपक्ष में कौन बैठेगा, आखिरकार ये तय हो गया. करीब 18 घंटे की काउंटिंग के बाद बिहार विधानसभा चुनावों के नतीजों की तस्वीर साफ हो गई. NDA 125 सीटों के साथ सत्ता बचाने में कामयाब रहा, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाली पार्टी नीतीश कुमार की जेडीयू 43 सीटों पर आ गई. वहीं, बीजेपी को 21 सीटों का फायदा हुआ और ये 74 सीटों पर पहुंच गई. इस चुनाव में आरजेडी सबसे बड़ा दल बनकर उभरा, जिसे 75 सीटें मिलीं. उसके नेतृत्व वाले महागठबंधन ने 110 सीटें हासिल कीं.
दिनभर जारी कांटे की टक्कर के बीच आखिरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 243 में से 125 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा (122) पार कर लिया. राज्य में भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है.
कांग्रेस ने बिहार विधासभा चुनाव की मतगणना (Vote Counting) में गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया है. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि किशनगंज और सकरा में पार्टी के उम्मीदवार जीते हैं लेकिन उन्हें जीत का प्रमाण पत्र नहीं दिया गया. उन्होंने दावा किया कि किशनगंज में कांग्रेस उम्मीदवार 1,266 मतों से विजयी रहा. इससे पहले आरजेडी (RJD) सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर नतीजों में हेरफेर करवाने का आरोप लगा चुकी है.




Leave a Reply