BIHARBreaking NewsSTATE

सबसे अमीर प्रत्याशी अनंत सिंह पर है 17 करोड़ की देनदारी, इन 5 प्रत्याशियों के पास 0 संपत्ति

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) के पहले चरण की तैयारियां जोरों पर हैं. अब मतदान (Voting in Bihar) में कुछ दिन शेष बचा है. ऐसे में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) और बिहार इलेक्शन वॉच (Bihar Election Watch) ने प्रत्याशियों से जुड़ा एक आंकड़ा जारी किया है. इस आंकड़े के लिए एडीआर ने कुल 1066 में से 1064 प्रत्याशियों के शपथ पत्र का विश्लेषण किया है.

आंकड़ों के मुताबिक, बिहार चुनाव (Bihar Election) में इस बार 375 उम्मीदवार (कुल 35 प्रतिशत) करोड़पति हैं, यानी हर तीसरे उम्मीदवार की संपत्ति करोड़ में है. वहीं, सभी प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 1.99 करोड़ है. इसमें 9 प्रतिशत उम्मीदवारों की संपत्ति 5 करोड़ से ज्यादा, 12 प्रतिशत उम्मीदवारों की संपत्ति 2 से 5 करोड़, 28 प्रतिशत उम्मीदवारों की संपत्ति 50 लाख से 2 करोड़ के बीच है.

किस पार्टी में कितने करोड़पति

बिहार इलेक्शन वॉच और एडीआर के मुताबिक, सबसे ज्यादा करोड़पति उम्मीदवार राष्ट्रीय जनता दल के पास हैं. पहले चरण में राजद 41 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें 39 उम्मीदवार (95 प्रतिशत) करोड़पति हैं. इसके बाद जनता दल यूनाइटेड में सबसे ज्यादा प्रत्याशी करोड़ों के मालिक हैं. प्रथम चरण में जदयू के 35 में से 31 (89 प्रतिशत) प्रत्याशियों के पास करोड़ों की संपत्ति है. वहीं, भाजपा के 29 में 24 प्रत्याशी (83 प्रतिशत), लोजपा के 41 में 30 प्रत्याशी (73 प्रतिशत), कांग्रेस के 21 में से 14 प्रत्याशी (67 प्रतिशत) और बसपा के 26 में से 12 प्रत्याशी (46 प्रतिशत) करोड़पति हैं.

अनंत सिंह हैं सबसे ज्यादा अमीर

शपथ पत्र के मुताबिक, पटना जिला के मोकामा से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बाहुबली अनंत सिंह के पास सबसे ज्यादा संपत्ति है. उनकी चल संपत्ति 18 करोड़ 49 लाख तो अचल संपत्ति 50 करोड़ 7 लाख यानी कुल संपत्ति 68 करोड़ 56 लाख रुपए से ज्यादा है. हालांकि, उनके ऊपर 17 करोड़ 15 लाख की देनदारी भी है. वहीं, दूसरे नंबर पर बरबिघा (शेखपुरा) से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे गजानंद शाही के पास 61 करोड़ 23 लाख की संपत्ति है तो तीसरे नंबर पर अमीर प्रत्याशियों की लिस्ट में गया के अतरी सीट से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं मनोरमा देवी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 50 करोड़ 62 लाख से ज्यादा है. पटना के मोकामा से अनंत सिंह जहां सबसे अमीर प्रत्याशी हैं, वहीं इसी सीट से एक ऐसा प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में है, जिसके पास संपत्ति के नाम पर शून्य (0) रुपए है.

5 ऐसे प्रत्याशी, जिनकी संपत्ति है 0 रुपए

बिहार विधानसभा के पहले चरण के चुनाव में सभी प्रत्याशियों की औसत संपत्ति भले ही 1.99 करोड़ रुपए हो, लेकिन 5 ऐसे प्रत्याशी भी हैं जिनकी संपत्ति शून्य (0) है. मुंगेर के जमालपुर के निर्दलीय प्रत्याशी कपिलदेव मंडल, पटना के मोकामा से जागरुक जनता पार्टी के अशोक कुमार, कैमूर के चैनपुर से राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी के प्रभु सिंह, औरंगाबाद के नबी नगर से शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के गोपाल निशाद और गया के बोधगया सीट से भारतीय इंसान पार्टी के महावीर मांझी के पास शून्य (0) की संपत्ति है. इन पांचों प्रत्याशियों के अलावा सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवारों में गया के गया सदर से चुनाव लड़ रही लोग जन पार्टी की रिन्कु कुमारी (2700 रुपए की कुल संपत्ति), औरंगाबाद के कुटुम्बा से अखिल हिन्द फॉरवर्ड ब्लॉक के शैलेश राही (9 हजार रुपए की कुल संपत्ति) और रोहतास के करगहर से निर्दलीय उम्मीदवार लाल धारी सिंह (10 हजार रुपए की कुल संपत्ति) शामिल हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.