BIHARBreaking NewsSTATE

Bihar Election: नीतीश से लोग ना’राज, 27% मानते हैं तेजस्वी को बेहतर, फिर भी NDA को मिलेगा बहुमत – ओपिनियन पोल

नई दिल्‍ली. बिहार चुनाव (Bihar election 2020) की रणभूमि तैयार हो चुकी है. 28 अक्‍टूबर को राज्‍य में पहले चरण का मतदान होना है. कुल तीन चरण के मतदान के बाद 10 नवंबर को चुनाव नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. 10 नवंबर को जनता यह तय कर देगी कि बिहार (Bihar) की सत्‍ता वह इस बार किस हाथ में दे रही है. बिहार चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोर शोर से प्रचार में लगी हैं. इस बीच ओपिनियन पोल (Bihar Opinion Poll) भी आने शुरू हो गए हैं. इनके मुताबिक राज्‍य में एनडीए और नीतीश कुमार के गठबंधन को 38 फीसदी वोट मिलने की संभावना है. वहीं तेजस्‍वी यादव और उनके महागठबंधन को 32 फीसदी वोट ही मिलेंगे.

आजतक में प्रकाशित CSDS-लोकनीति के ओपिनियन पोल के अनुसार बिहार चुनाव में 6 राजनीतिक पार्टियों वाले गठबंधन ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्‍युलर फ्रंट को 7 फीसदी और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी को 6 फीसदी वोट मिल सकते हैं. ऐसे में ओपिनियन पोल संकेत दे रहा है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए गठबंधन की सरकार बन सकती है. साथ ही नीतीश कुमार के सिर पर मुख्‍यमंत्री का ताज फिर सज सकता है.

ओपिनियन पोल के मुताबिक, बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से एनडीए को 133 से 143 सीट मिल सकती हैं. बिहार विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 122 है. यानी नीतीश कुमार को बहुमत के आंकड़े से अधिक सीटें मिल सकती हैं. वहीं तेजस्वी यादव व अन्‍य के महागठबंधन को 88 से 98 सीटें मिलने की संभावना दिख रही है. इसके अलावा चिराग पासवान की एलजेपी 2 से 6 सीटों पर ही सिमट सकती है.

Loading video

ओपीनियन पोल में एक बात यह भी सामने आई है कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता पहले के मुकाबले इस बार काफी कम हुई है. 2015 में 80 प्रतिशत लोग नीतीश सरकार के कामकाज से संतुष्ट थे लेकिन 2020 के इस ओपिनियन पोल में ये आंकड़ा गिरकर 52 प्रतिशत हो गया है. 2015 में जहां 18 प्रतिशत लोग नीतीश सरकार से असंतुष्‍ट थे, वहीं 2020 में असंतुष्‍ट लोगों का फीसद बढ़कर 44 हो गया है. इसके बावजूद पोल दर्शाते हैं कि नीतीश कुमार सत्‍ता में फिर आएंगे.

मुख्यमंत्री के लिए नीतीश कुमार अब भी लोगों की पहली पसंद हैं. उन्हें 31 फीसदी लोग सबसे बेहतर मानते हैं. उनके बाद तेजस्‍वी यादव का नंबर है. राज्‍य के 27 फीसदी लोग तेजस्वी यादव को सीएम चाहते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.