BIHARBreaking NewsSTATE

तेजस्वी यादव ने की चुनावी अभियान की शुरूआत, नीतीश ने बताया अनुभवहीन तो तेजस्वी बोले- सुशासन का मुखौटा नोच देंगे

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का आगाज हो चुका है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के 15 साल के शासन और परिवारवाद को लेकर तंज कसे. नीतीश ने नेता विपक्ष तेजस्वी यादव को भी निशाने पर लेते हुए कहा था कि अनुभवहीन केवल जुबान चलाते हैं. अब नीतीश के वार पर तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है.

तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा है कि नीतीश भूतकाल का रोना-पीटना बंद करें. तेजस्वी ने नीतीश को चुनौती दी है कि वे 15 साल की अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करें. नीतीश कुमार यह भी बताएं कि बिहार राष्ट्रीय औसत और अन्य राज्यों की तुलना में कहां खड़ा है. तेजस्वी ने कहा कि हम सुशासन का मुखौटा नोच देंगे और इसे हर कोई देख सकेगा.

गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नाम लिए बिना लालू यादव पर निशाना साधा था. नीतीश ने कहा था कि हम तो सभी को अपना परिवार मानते हैं, लेकिन कुछ लोगों के लिए पति-पत्नी, बेटा-बेटी ही परिवार होते हैं. नीतीश ने तेजस्वी को अनुभवहीन बताते हुए कहा था कि दूसरे लोगों में कोई दम नहीं है. कुछ लोग केवल जुबान चलाते हैं.

बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान होना है. पहले चरण में जिन सीटों पर 28 अक्टूबर को चुनाव होना है, उन सीटों के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है. सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सत्ता बचाए रखने तो आरजेडी के नेतृत्व वाला विपक्षी महागठबंधन सत्ता में वापसी करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं. दूसरे और तीसरे चरण की वोटिंग 3 नवंबर और 7 नवंबर को होनी है. मतगणना 10 नवंबर को होगी.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.