Breaking NewsDELHI

बुजुर्ग दंपती के चेहरे पर लौटी मुस्कान, ‘बाबा का ढाबा’ पर लगी लंबी लाइन, दिखा सोशल मीडिया का दम

सोशल मीडिया पर बुधवार को एक बुजुर्ग दंपती का वीडियो जमकर वायरल हुआ। वीडियो में बुजुर्ग दंपती ने बताया कि वो मालवीय नगर में एक ढाबा चलाते हैं। मगर काम कम होने की वजह से बुजुर्ग रो पड़े। बुजुर्ग के आंसू देखकर लोगों का दिल पसीजा और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


कई लोगों ने सोशल मीडिया पर बाबा के ढाबे पर पहुंचने की गुहार लगाई। जिसका असर गुरुवार को देखने को मिला। दिल्ली के लोग भारी संख्या में बाबा के सर्मथन में ढाबे पर पहुंचे। इसके कारण बुजुर्ग दंपती की मुस्कान अब दोबारा लौट आई है।

सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती भी बाबा के ढाबे पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग दंपती को विश्वास दिलाया कि सरकार उनका ख्याल रखेगी।

बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा ने भी वीडियो को शेयर करते हुए कहा कि अगर आप दिल्ली में हैं तो बाबा का ढाबा पर जरूर जाएं और उनका मनोबल बढ़ाएं।

बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि अगर आप यहां जाएं तो मेरे साथ अपनी तस्वीर साझा करें। मैं एक संदेश के साथ आपकी तस्वीर पोस्ट करुंगी।


कौन हैं ‘बाबा का ढाबा’ चलाने वाले बुजुर्ग दंपत्ति
‘बाबा का ढाबा’ चलाने वाले बुजुर्ग का नाम कांता प्रसाद है और पत्नी का नाम बादामी देवी है। बुजुर्ग दंपती सालों से मालवीय नगर में अपनी छोटी सी दुकान चलाते हैं। कांता प्रसाद ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी है। लेकिन तीनों में से कोई उनकी मदद नहीं करता है। वो सारा काम खुद ही करते हैं और ढाबा भी अकेले ही चलाते हैं।

कांता प्रसाद और उनकी पत्नी ही मिलकर सारा काम करते हैं। कांता प्रसाद सुबह 6 बजे आते हैं और 9 बजे तक पूरा खाना तैयार करते हैं। लॉकडाउन के पहले उनका काम ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन लॉकडाउन के बाद उनका काम बिल्कुल कम हो गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.