BIHARBreaking NewsSTATE

JDU में शामिल पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय चुनावी रेस से बाहर, बक्सर या वाल्मीकिनगर से नहीं मिला टिकट

Bihar election news : जदयू ने वाल्मीकि नगर लोकसभा उपचुनाव के लिए जदयू ने दिवंगत सांसद बैजनाथ महतो के बेटे सुनील कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. बैजनाथ महतो 2019 में जदयू के टिकट पर चुनाव जीते थे. बीमारी के कारण उनका निधन होने से यह सीट खाली हो गयी थी. बता दें कि इस सीट पर बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे के भी चुनाव लड़ने की चर्चा थी।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे के चुनाव लड़ने की संभावना अब लगभग खत्म हो गई है. बक्सर विधानसभा सीट पर भी बीजेपी ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि अब वाल्मीकिनगर सीट पर जदयू ने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है.

वहीं बीजेपी ने बुधवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी. इसमें सिर्फ दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं. पार्टी ने बक्सर विधानसभा क्षेत्र से परशुराम चतुर्वेदी और अरवल से दीपक शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है. पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने इन दोनों नामों को अपनी स्वीकृति दी है.

अब आगे क्या?- आईपीएस सेवा से वीआरएस लेने के बाद राजनीति में उतरे गुप्तेश्वर पांडे क्या चुनाव लड़ेंगे? इसपर अंतिम फैसले का ऐलान तो पांडे ही करेंगे, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसकी अटकलें तेज हो गई है. बक्सर सीट बीजेपी के खाते में चली गई है, जिसके बाद कयास लग रहे हैं कि गुप्तेश्वर पांडे बीजेपी में भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि इस पर न तो बीजेपी की ओर से न ही गुप्तेश्वर पांडे की ओर से कोई बयान दिया गया है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.