राजद-कांग्रेस हमेशा करते रहे हैं अतिपिछड़ों का अपमान-सुशील मोदी
पटना-07.10.2020
विकासशील इंसान पार्टी को एनडीए में शामिल करने की घोषणा के लिए मंगलवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस हमेशा अति पिछड़ों का अपमान करते और धोखा देते रहे हैं।
कांग्रेस ने अतिपिछड़ों के लिए गठित काका कालेलकर और मुंगेरीलाल कमीशन की रिपोर्ट को ढंडे बस्ते में डाल दिया और उसे कभी लागू नहीं किया। पिछले विधान सभा चुनाव में 42 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने एक भी अति पिछड़ा को टिकट नहीं दिया जबकि भाजपा ने 25 सीटें अतिपिछड़ों को दिया जिनमें से 12 जीत कर आए। राजद ने केवल 5 अतिपिछड़ों को टिकट दिया, इसी का परिणाम है कि लालू प्रसाद जिन अतिपिछड़ों को कभी अपना ‘जिन्न’ बताया करते थे वह आज राजद से पूरी तरह से अलग हो चुका है।
एनडीए ने बिहार के पंचायत चुनाव में अतिपिछड़ों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जिसके कारण आज 1600 से ज्यादा अतिपिछड़ा समाज के मुखिया चुन कर आये हैं। राजद ने तो 23 वर्षों तक पंचायत का चुनाव नहीं करा कर अतिपिछड़ों की हकमारी किया।

श्री मोदी ने कहा, 2014 और 2019 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में अति पिछड़ा समाज की बड़ी भूमिका थी। इस बार बिहार विधान सभा चुनाव में अतिपिछड़ा समाज न केवल एकजुट होकर एनडीए के पक्ष में वोट करेगा, बल्कि अतिपिछड़ा समाज से आने वाले मुकेश सहनी के अपमान का बदला भी लेगा।
श्री मोदी ने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में एनडीए एक बार फिर बिहार में तीन चैथाई बहुमत से सरकार बनाने में सफल होगा। मुकेश सहनी के आने से एनडीए और मजबूत हुआ है।




Leave a Reply