पटना: बिहार चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) को लेकर महागठबंधन (Mahagathbandhan) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच में ही जमकर हंगामा हुआ. दरअसल, सीट बंटवारे की घोषणा जैसे ही तेजस्वी यादव ने की, ठीक उसी समय विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी प्रेस कांफ्रेंस छोड़कर चले गए.
मुकेश सहनी ने कहा, “मेरी पीठ में खंजर घोंपा गया है। मुझे 20 से 25 सीटें देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन यहां धोखा दिया गया है.” उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच में ही महागठबंधन छोड़ने की घोषणा करते हुए वहां से बाहर हो गए. “

स्थगित हुई पीसी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वीआईपी और तेजस्वी के समर्थकों के बीच भी हंगामा हुआ. दोनों के ही समर्थक नारेबाजी करने लगे और पीसी बीच में ही स्थगित हो गई. इस पीसी तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता सदानंद सिंह, स्टैंडिंग कमिटी के चेयरमैन अविनाश पांडेय और लेफ्ट के नेता भी पहुंचे. इस दौरान कांग्रेस स्टैंडिंग कमिटी के चेयरमैन अविनाश पांडेय ने कहा कि तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा.
तेजस्वी ने पहले की रोजगार देने की घोषणा
तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं एक ठेठ बिहारी हूं और वादा करता हूं उसे पूरा भी करता हूं. मेरा डीएनए भी ठीक है. बिहार की जनता बदलाव चाहती है. 15 सालों तक लोगों को ठगने का काम किया गया है. नीतीश कुमार को सिर्फ कुर्सी से प्यार है. साथ ही उन्होंने कहा कि मैं वादा करता हूं कि मेरी सरकार बनते ही एक महीने के अंदर में 10 लाख लोगों को नौकरी दूंगा.

तेजस्वी बोल रहे थे और हुआ हंगामा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जैसे ही तेजस्वी ने सीटों के डिटेल की घोषणा की, प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा मच गया है. दरअसल, पीसी के दौरान तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन में आरजेडी 144, कांग्रेस 70 और एक बाल्मिकी नगर लोकसभा सीट, सीपीएम 4, सीपीआई 6 और माले 19 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
आगे क्या होगी तस्वीर
अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हालांकि महागठबंधन की तस्वीर अलग हो गई है. मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के अलग होने के बाद ऐसे में अब आगे महागठबंधन के घटक दल क्या फैसला लेंगे ये देखने वाली बात होगी.



Leave a Reply