Breaking NewsUTTAR PRADESH

बॉलीवुड को लेकर सीएम योगी का बड़ा ऐलान- UP में हम बनाएंगे देश की सबसे खूबसूरत फ़िल्म सिटी

लखनऊ.  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में देश को एक अच्छी फिल्म सिटी (Film City) की आवश्यकता है. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) यह जिम्मेदारी को लेने के लिए तैयार है. हम एक उम्दा फ़िल्म सिटी तैयार करेंगे. फ़िल्म सिटी के लिए नोएडा (NOIDA), ग्रेटर नोएडा (Greater NOIDA) और यमुना एक्सप्रेसवे का क्षेत्र बेहतर होगा.,यह फ़िल्म सिटी फ़िल्म निर्माताओं को एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगी, साथ ही, रोजगार सृजन की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी प्रयास होगा. इस दिशा में भूमि के विकल्पों के साथ यथाशीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाए.
जन प्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान करें

मुख्यमंत्री शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ मंडल (मेरठ, हापुड़, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलन्दशहर जनपद) के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे. सीएम योगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठायी गई समस्याओं का समुचित समाधान किया जाए. जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर शीघ्रता से निर्णय लेते हुए जनपद व शासन स्तर पर कार्रवाई की जाए.
गड्ढामुक्त हों सड़कें

मुख्यमंत्री ने मेरठ मण्डल के शासन स्तर पर लम्बित प्रकरणों पर शीघ्र निर्णय लेकर निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गति लाने के लिए हर परियोजना के लिए एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाए. निर्माण सम्बन्धी योजनाओं के प्रस्ताव समय से शासन को भेजे जाएं. उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण एवं अनुरक्षण कार्य किया जाए और बरसात के बाद सड़कों को तेजी से गड्ढामुक्त बनाया जाए.


सफाई कर्मियों की समस्या का प्रभावी समाधान निकालें
मुख्यमंत्री ने नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के प्रस्तुतीकरण के दौरान कहा कि इन तीनों में से किसी एक प्राधिकरण में फिल्म सिटी के निर्माण के लिए भूमि की व्यवस्था की जाए. उन्होंने नोएडा में सफाई कर्मियों तथा बिल्डर्स-बायर्स की समस्याओं के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए. कहा कि जनपद बुलन्दशहर व गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी निर्माणाधीन परियोजनाओं के सम्बन्ध में विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्रगति सुनिश्चित कराएं.
कमिश्नर हर हफ्ते करें कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री गाजियाबाद एवं मेरठ स्मार्ट सिटी योजना के कार्यों को तेजी से किए जाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परियोजना की गति बढ़ाने के लिए त्वरित निर्णय लेते हुए कार्रवाई की जाए. मेरठ मण्डल के सभी जनपदों में अमृत योजना के कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए. उन्होंने कमिश्नर को निर्देश दिया कि वे स्मार्ट सिटी तथा अमृत योजना के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा करें. उन्होंने कहा कि मेरठ के ग्राम दादरी में राजकीय महिला महाविद्यालय के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सचिवालयों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर संचालित निर्माण योजनाओं की जियो टैगिंग करायी जाए.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.