मुजफ्फरपुर: सिकंदरपुर को छोड़कर बूढ़ी गंडक के बांध पर बने शहर के सभी स्लुइस गेट को खोल दिया गया है। इससे शहर के आधा दर्जन वार्ड से जुड़े दर्जनों मोहल्लों से पानी की निकासी शुरू हो गयी है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने बारी-बारी से कमरा मोहल्ला, लकड़ीढाई व चंदवारा स्लुईस गेट को खोला।इससे इन इलाकों व आसपास के मोहल्लों में करीब एक माह से जमा पानी से परेशान लोगों को राहत मिली है। नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा ने बताया कि बूढ़ी गंडक के जलस्तर में कमी के बाद तीन स्लुइस गेट को खोल दिया गया है। इससे पूर्व जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से बातचीत की गई है। फिलहाल, तीनों स्लुइस गेट की निगरानी की जा रही है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में फौरन इनको बंद करा दिया जाएगा।

बताया कि सिकंदरपुर स्लुइस गेट को नहीं खोला गया है। यहां पर मोटर पंप से पानी की निकासी जारी है। जल स्तर में और कमी आने पर इसको खोला जाएगा। वहीं, वार्ड पार्षद पवन कुमार ने बताया कि स्लुइस गेट खुलने से वार्ड 16, 17, 18 व 44 के कई मोहल्लों से पानी निकासी शुरू हो गयी है। इसके बंद होने से कमरा मोहल्ला, बालूघाट, गोला बांध रोड, लकड़ीढाई, पंकज मार्केट समेत कई इलाकों में नारकीय स्थिति बन गई थी। वार्ड पार्षद ने अब इन इलाकों में सफाई व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मांग की है।


Input: Hindustan



Leave a Reply