कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद अगला केस न मिलने से शहरी क्षेत्र को राहत मिली है। इसपर एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार ने शहर के 12 स्थलों को कंटेनमेंट जोन से मुक्त कर दिया है। मुशहरी अंचलाधिकारी को वहां से सील हटाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, सिविल सर्जन ने ग्रामीण क्षेत्र में अधिक केस मिलने के बाद पांच प्रखंडों के आठ नये क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की अनुशंसा की है। एसडीओ पूर्वी ने शहर के जिन 12 स्थलों को कंटेनमेंट जोन मुक्त घोषित किया है, उनमें एसकेएमसीएच के पास का मोहल्ला रसूलपुर, शहर के ब्रह्मपुरा चौक, मेहदी हसन चौक, मेयर हाउस, सीजेएम ऑफिस के निकट, दामुचक, डोकरामा, मझौलिया अहियापुर, मुबारकपुर, अतरदह, हरिहरपुर व जूरनछपरा रोड नम्बर चार शामिल है। इन जगहों पर अंतिम बार केस मिलने के 14 दिन बाद फिर कोई केस नहीं मिला है। इस संबंध में एसडीओ पूर्वी से मुशहरी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया है। इधर, सिविल सर्जन ने जिले में आठ नये कंटेनमेंट जोन बनाने की अनुशंसा की है।

इन जगहों पर अधिक मात्रा में कोरोना के केस पाए गए हैं। इसमें सरैया प्रखंड का शिवपुर घोघराहा, ब्रह्मपुरा व चकना, सकरा प्रखंड का मझौलिया, पारू प्रखंड का कोरिया निजामत, मोतीपुर प्रखंड का रामपुर उगन व कांटी प्रखंड का पकड़ी व नरसंडा गांव शामिल है। सिविल सर्जन ने कहा है कि इन गांवों में अधिक केस मिले हैं, इसलिए कॉन्टैक्ट लिस्ट बनाने व जांच करने तक इन गांवों में कंटेनमेंट जोन बनाने की आवश्यकता है।



Leave a Reply