कांटी थर्मल पावर में आई खराबी के कारण कुछ यूनिट बंद होने से बिजली की खपत कम हो गई है। कुछ पावर स्टेशनों को छोड़ अधिकांश पावर स्टेशन रोटेशन पर चल रहे हैं। विद्युत अधिकारियों द्वारा बिजली की कमी बताया जा रहा है। इसके कारण शहर से गांव तक के उपभोक्ता परेशान हैं। पंखे, कूलर, एसी, इंवर्टर सब बंद होने से गर्मी में लोगों के पसीने छूट रहे। कोरोना संक्रमण की मार के साथ इधर बाढ़ और बिजली तीनों की मार एक साथ जनता पर शुरू होने से तबाही मच गई है। शहर के भगवानपुर, खबड़ा, बेला, मिस्कॉट, सरैयागंज, सिकंदरपुर आदि जगहों मंगलवार को दर्जनों बार बिजली कटी। मिस्कॉट एरिया के पानी टंकी के पास पांच-पांच मिनट पर बिजली कटी। इधर निराला नगर मोहल्ले में प्रत्येक एक घंटे पर रोटेशन पर बिजली दी जा रही है। सरैयागंज में शाम को काफी देर तक बिजली गुल रही। लाइन कम मिलने के कारण पतंजलि स्टोर पर इनवर्टर फेल गया। कई कोरोना मरीज के परिजन दवा लेने पहुंचे थे, अंधेरे के कारण स्टोर वाले तथा आम लोगों को काफी परेशानियां हुईं।
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन के कार्यपालक अभियंता अरबन-1, राजू कुमार ने कांटी थर्मल से मोतीपुर लाइन के ट्रांसमिशन सर्किट 220 केवी ब्रेकडाउन होने की जानकारी दी है। इसको लेकर बिजली की आपूर्ति 50 फीसद कम होने की बात कही है। इधर कांटी थर्मल के पीआरओ अतुल पराशर ने कहा कि, यहां दो यूनिट जो पहले से चल रही थी, वह चल रही है। फेज-1 के कुछ यूनिटों को चालू करने की कवायद चल रही है। मेंटेनेंस वर्क चल रहा है। जल्द ही तीसरी यूनिट भी चालू होगी।

दरभंगा से मुजफ्फरपुर होते मधेपुरा व सुपौल को दी जा रही बिजली
बिजली की किल्लत को देखते हुए मधेपुरा, सुपौल के रास्ते दरभंगा होकर मुजफ्फरपुर के लिए बिजली की व्यवस्था की गई है। लंबा फीडर होने के कारण कम वोल्टेज मिलने के साथ ट्रिपिंग की स’मस्या आन पड़ी है। इधर इधर लो वोल्टेज के कारण ग्रिड में पावर ट्रांसफॉर्मरों का लगातार ट्रिपिंग जारी है। चंदवारा और मिस्कॉट पावर स्टेशन में ट्रिपिंग और कम वोल्टेज का सामना करना पड़ रहा है। 220 केवी लाइन आने तक चंदवारा और मिस्कॉट के उपभोक्ताओं को इंतजार करना होगा। कांटी थर्मल पावर की कुछ इकाइयां बंद होने से पिक आवर में शाम छह बजे से रात एक बजे तक शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के पावर स्टेशनों को रोटेशन पर बिजली दी जाएगी।



Leave a Reply