Breaking NewsUTTAR PRADESH

Breaking: अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन से पहले कोरोना संकट, राम लला के पुजारी व 14 पुलिसकर्मी निकले पॉजिटिव

अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम पर कोरोना संकट मंडराने लगा है. राम जन्मभूमि के पुजारी प्रदीप दास कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इसके साथ ही राम जन्मभूमि की सुरक्षा में लगे 14 पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं. प्रदीप दास प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के शिष्य हैं. आचार्य सत्येंद्र दास का रिजल्ट निगेटिव आया है.

राम जन्मभूमि में प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के साथ-साथ चार पुजारी राम लला की सेवा करते हैं. इन्हीं चार पुजारियों में से एक पुजारी प्रदीप दास की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है. उन्होंने होम क्वारनटीन कर दिया गया है. इसके साथ ही 16 पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं, जिन्हें क्वारनटीन किया गया है.

एंटीजन टेस्ट में पुजारी और पुलिसकर्मी पॉजिटिव

भूमिपूजन से पहले अयोध्या में 200 लोगों का कोरोना एंटीजन टेस्ट किया गया था. इसमें पुलिसकर्मी और राम जन्मभूमि के कर्मचारी-पुजारी शामिल थे. एंटीजन टेस्ट में मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास कोरोना निगेटिव मिले, जबकि उनके एक सहयोगी पुजारी प्रदीप दास और 14 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए.

एंटीजन टेस्ट में पुजारी प्रदीप दास और पुलिसकर्मियों का रिजल्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को क्वारनटीन कर दिया गया है. अब इनका आरटी पीसीआर टेस्ट कराया जाएगा, जिसे कंफर्म होगा कि यह लोग कोरोना संक्रमित हैं या नहीं. फिलहाल, आरटी पीसीआर टेस्ट कराने की तैयारी चल रही है.

जन्मभूमि से 7-8 किलोमीटर की दूरी पर कोविड हॉस्पिटल

अयोध्या में दर्शन हॉस्पिटल को मुख्य कोविड हॉस्पिटल बनाया गया है, जो कि राम जन्मभूमि से सात से आठ किलोमीटर की दूरी पर है. अयोध्या जिला अस्पताल में सिर्फ कोरोना टेस्ट किया जाता है. वहां कोविड मरीजों को भर्ती नहीं किया जाता है.

पांच अगस्त को होगा राम जन्मभूमि मंदिर का भूमिपूजन

गौरतलब है कि राम जन्मभूमि मंदिर का भूमि पूजन कार्यक्रम 5 अगस्त को होने वाला है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 200 लोग शिरकत करने वाले हैं. कोरोना के कारण भूमि पूजन कार्यक्रम के लिए अधिक लोगों को न्योता नहीं जा रहा है. सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही शिलान्यास कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है.

कोरोना के कारण भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए जन्म भूमि परिसर में 50-50 लोगों के अलग-अलग ब्लॉक में करीब 200 लोग मौजूद होंगे. 50 की संख्या में देश के बड़े साधु-संत मौजूद रहेंगे, 50 की संख्या में देश के बड़े नेता और आंदोलन से जुड़े लोग रहेंगे. इनमें लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती और कल्याण सिंह शामिल हैं.

राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन यूं तो 5 अगस्त को होगा, मगर 3 अगस्त से ही अयोध्या में उत्सव शुरू हो जाएगा. यहां दीवाली जैसा माहौल बनाया जाएगा. इस दौरान प्रशासन की ओर से शहर में लाखों दिए जलाए जाएंगे. साथ ही आम लोगों से अपील की जाएगी कि वो अपने घरों के बाहर दिए जलाएं.

Input: Aajtak

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.