रूस से सटे किर्गिस्तान में बिहार-झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग तीन हजार छात्र फंसे हैं। संसाधनों की कमी से किर्गिस्तान सरकार ने 15 जुलाई तक बाहरी छात्रों को हॉस्टल व रूम खाली करने का निर्देश दिया था। इस पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने ट्वीट पर मार्मिक अपील की थी, जिस पर अभिनेता सोनू सूद ने छात्रों की वापसी की पहल की है। स्वदेश वापसी को लेकर चिंतित छात्रों ने सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ा था। इसी कड़ी में सद्दाम खान नामक एक छात्र ने कुणाल षाड़ंगी से इस मामले में प्रयास करने का आग्रह किया।
छात्र के अनुसार, झारखंड और बिहार से काफी संख्या में मेडिकल स्टूडेंट्स किर्गिस्तान में फंसे हुए हैं। 14 जुलाई को कुणाल षाड़ंगी ने छात्रों की मार्मिक अपील से जुड़े वीडियो संलग्न करते हुए ट्वीट किया था। इसे किर्गिस्तान स्थित भारतीय दूतावास व विदेश मंत्रालय सहित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग करते हुए छात्रों की चिंता और सकुशल वापसी के लिए निवेदन किया था। झारखंड और बिहार से लगभग बीस से अधिक स्टूडेंट्स फंसे हैं। इनमें एक छात्र जमशेदपुर से भी है। अब अभिनेता सोनू सूद ने इन छात्रों को वापस लाने की पहल शुरू कर दी है। शनिवार देर रात छात्र सद्दाम खान सहित कई ने ट्वीट कर अभिनेता सोनू सूद सहित पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी व सामाजिक कार्यकर्ता रेखा मिश्रा के प्रति आभार जताया।



Leave a Reply