कोरोना पॉजिटिव मरीजों के घर पर प्रशासन की तरफ से पोस्टर चस्पाया जाएगा ताकि अगल-बगल के लोग सतर्क रहें। प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसकी कवायद शुरू कर दी गई है। बताया गया कि पोस्टर चस्पाए जाने के बाद लोगों को जानकारी मिल जाएगी कि इस घर में पॉजिटिव मरीज हैं। इससे लोग वहां आने-जाने से परहेज करेंगे और संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
कंटेनमेंट जोन की तरह काम करेगा
जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि पॉजिटिव मरीजों के घर पर पोस्टर चस्पाने की कार्रवाई शीघ्र ही शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक तरह से यह कंटेनमेंट जोन की तरह काम करेगा। इसके अलावा जिले में बढ़ते कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या को देखते हुए बचाव व रोकथाम के लिए भी प्रशासन की तरफ से विशेष रणनीति तैयार की गई है जिसमें होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की देखभाल के लिए प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत चार विशेष टीम बनाई गई है। ये टीम इनकी देखरेख करेगी।
10 केंद्रों पर जांच की विशेष व्यवस्था शुरू
होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को मेडिकल किट दिया जाएगा जिसमें जरूरी दवाइयां व दो मास्क रहेंगे। उन्हें यह भी बताया जागा कि वे इस दौरान क्या करें और क्या नहीं करें। इसके अलावा बढ़ते हुए कोरोना पॉजिटिव के केसों को देखते हुए फिलहाल जिले के 10 केंद्रों पर जांच की विशेष व्यवस्था शुरू कर दी गई है। डीएम ने कहा कि अगले सप्ताह इसकी समीक्षा की जाएगी। जिसमें देखा जाएगा कि क्या परिणाम आए। फिर उसके आधार पर अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की व्यवस्था बहाल की जाएगी। बता दें कि विभाग के निर्देश पर फिलहाल दो हजार मेडिकल किट तैयार किए जा रहे हैं।

दो हजार मेडिकल किट तैयार
डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि विभाग के निर्देश पर कोरोना पॉजिटिव होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के लिए दो हजार मेडिकल किट तैयार किया गया है। साथ ही पॉजिटिव मरीजों के घर पर पोस्टर भी चस्पाया जाएगा, ताकि लोग सतर्क रहेंगे। यह एक तरह से कंटेनमेंट जोन की तरह काम करेगा। इससे संक्रमण को फैलने से रोका जाएगा।



Leave a Reply