जिले में कोरोना की रफ्तार में तेजी बरकरार है। शनिवार को जिले में 53 नये पॉजिटिव केस मिले। संक्रमितों में अधिकांश डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, पुलिस व बैंक कर्मी हैं। शनिवार को एसकेएमसीएच में 411 सैंपल की जांच की गई। नये केस मिलने के साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1197 हो गई है। एसकेएमसीएच के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एंटीजेन किट से अब तेजी से सैंपलों की जांच की जा रही है। इससे अधिक संख्या में रिपोर्ट सामने आ रही है। इधर, शनिवार को तुर्की स्थित कोविड केयर सेंटर से स्वस्थ्य होकर 41 लोग अपने घर लौट गए हैं।
काफी संख्या में बैंककर्मी हो रहे संक्रमित
पिछले एक सप्ताह से आ रही रिपोर्ट के आधार पर कहा जा रहा है कि जिले में संक्रमित होने वालों में डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी के बाद सबसे अधिक बैंककर्मी हैं। कई निजी संस्थानों के अधिकारियों से लेकर सफाई कर्मी तक संक्रमित हो गए हैं।

स्वास्थ्य कर्मियों के संक्रमित होने से विभाग चितिंत
बड़ी संख्या में डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ व अन्य स्वास्थ्य कर्मी के संक्रमित होने से स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक चिंतित है। अधिकारियों का कहना है कि यदि डॉक्टर व व स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण से नहीं बचाया जा सका तो आने वाले दिनों में समस्या और अधिक बढ़ सकती है। स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर लगातार जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मंथन कर रहा है।



Leave a Reply