Breaking NewsCricketInternationalSPORTS

UAE में 26 सितंबर से शुरू होगा IPL, 6 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल: रिपोर्ट्स

नई दिल्ली. कोरोना वायरस की वजह से अनिश्चितकाल के लिए टले आईपीएल 2020 अब 26 सितंबर से शुरू हो सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने आईपीएल आयोजन का शेड्यूल बना लिया है और इसका आयोजन इस बार भारत से बाहर होगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल यूएई में खेला जाएगा. भारत में लगातार कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं इस वजह से बीसीसीआई को ये फैसला लेना पड़ा है.

कब होगा आईपीएल फाइनल?
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई ने आईपीएल का पूरा शेड्यूल तैयार कर लिया है. टूर्नामेंट यूएई में 26 सितंबर को शुरू होगा और 6 नवंबर को आईपीएल का फाइनल मैच खेला जाएगा. आईपीएल का पूरा शेड्यूल अगस्त के पहले हफ्ते में जारी किया जा सकता है. इससे पहले गुरुवार को खबरें आई थी कि आईपीएल में हिस्सा लेने वाले सभी भारतीय क्रिकेटर 5 हफ्तों की ट्रेनिंग के लिए यूएई जा सकते हैं. ट्रेनिंग कैंप खत्म होने के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजियों को अपने ट्रेनिंग कैंप लगाने का मौका दिया जाएगा.

यूएई ही है एकमात्र विकल्प
स्पोर्ट्सकीड़ा में छपी रिपोर्ट् के मुताबिक सूत्रों से जानकारी मिली है कि बीसीसीआई के पास यूएई ही आईपीएल के आयोजन का विकल्प है. बीसीसीआई यूएई में आईपीएल आयोजित करने के लिए मंजूरी ले रही है. बता दें ऐसा दूसरी बार होगा जब आईपीएल मैच यूएई में होंगे. इससे पहले साल 2014 में आईपीएल का पहला राउंड अबु धाबी, दुबई और शारजाह में आयोजित हुआ था. आम चुनाव की वजह से यूएई में पहले चरण के मुकाबले आयोजित कराए गए थे.

यूएई को चुनने की वजह
यूएई को आईपीएल का आयोजन स्थल चुनने की एक और वजह है. दरअसल दुबई पूरी दुनिया से जुड़ा हुआ है. वहां पूरी दुनिया की उड़ानें आती हैं. इसलिए विदेशी खिलाड़ियों को ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज से यूएई लाना आसान होगा.

दुबई है आईपीएल आयोजन के लिए तैयार
बता दें दुबई स्पोर्ट्स सिटी के अध्यक्ष सलमान हनीफ ने भी गल्फ न्यूज के साथ खास बातचीत में इस बात की पुष्टि की है कि वो आईपीएल आयोजित करने के लिए तैयारियों में जुटे हैं. सलमान हनीफ ने कहा कि दुबई स्पोर्ट्स सिटी में स्थित दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम और आईसीसी एकेडमी स्टेडियम आईपीएल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है. बता दें दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 पिच हैं और ऐसे में वहां कई मैच आयोजित किये जा सकते हैं. हर पिच पर रोजाना मैच आयोजित हो सकते हैं और साथ-साथ दूसरी पिच अगले मुकाबलों के लिए तैयार हो सकती हैं.

Input: News18

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.