BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर: जिले में आएगी दो ट्रू नेट मशीन, बढ़ेगी जांच क्षमता, जानें…

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक अंजनी कुमार ने शुक्रवार को जिले में तीन कोविड केयर सेंटरों की व्यवस्था व सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने एसकेएमसीएच, तुर्की व सदर अस्पताल स्थित सेंटरों में खाने-पीने से लेकर चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कोरोना मरीजों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी को लेकर बेड की भी संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। जिले में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए अतिरिक्त निदेशक ने कोविड सेंटर के नोडल पदाधिकारी डॉ. सीके दास को कहा कि वे राज्य स्वास्थ्य समिति के समक्ष दो ट्रू नेट मशीन की मांग रखें। उन्होंने उम्मीद जतायी कि ट्रू नेट मशीन जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी। इस मशीन के आने से जिले में प्रतिदिन 100-150 सैंपल की जांच क्षमता में वृद्धि होगी। कोविड केयर सेंटर के भ्रमण के बाद अतिरिक्त निदेशक ने यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ व केयर इंडिया के साथ संयुक्त बैठक की। इसमें जिले में कोरोना की स्थिति और इससे निपटने के संसाधनों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जिले को जल्द ही कोविड सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे हालातों से निपटने में सहायता मिलेगी।

स्वास्थ्यकर्मी अपनी सुरक्षा का रखें पूरा ख्याल

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निदेशक अंजनी कुमार ने कहा कि कोविड केयर सेंटर में मौजूद व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से उन्हें निरंतर जानकारी मिलती रहती है। उन्होंने कोविड केयर सेंटर में काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी एहतियात बरतने के साथ आपस में दूरी का पालन करने की सलाह भी दी। मौके पर केयर जिला संसाधन इकाई के सौरभ तिवारी, यूनिसेफ व डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.