आगरा: कोरोना काल (Coronavirus) में स्कूल बंद होने के बावजूद भी कई अभिभावक स्कूल की ओर से फीस मांगने की शि’कायत कर रहे हैं. इस बीच आगरा में बच्चों की फीस भरने के लिए अभिभावक सड़कों पर निकल आए. इतना ही नहीं उन्होंने घूम-घूम कर बच्चों की स्कूल फीस भरने के लिए भीख मांगी. अभिभावकों का कहना है कि स्कूल की ओर से लगातार फीस के लिये फोन आ रहे हैं. ऐसे में उनके पास भीख मांगना ही एकमात्र उपाय बचा है.कोरोना को फैलने से रोकने के लिए ताजनगरी के स्कूल बंद हैं. इस दौरान कुछ स्कूल ऑनलाइन पढ़ाई के नाम पर भी अभिभावकों से फीस लेने की कोशिश कर रहे हैं. अभिभावकों के फीस न देने पर कई स्कूलों ने बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई के ग्रुपों से भी अलग कर दिया है.

आगरा के अभिभावकों की संस्था ‘पापा’ लगातार लॉकडाउन के दौरान फीस माफी की मांग कर रही है. कोरोना काल में स्कूल बंद रखने और ऑनलाइन पढ़ाई की फीस आधी करने की मांग उठाई जा रही है. अभिभावकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के चलते स्कूल संचालक मनमानी कर रहे हैं. स्कूल फीस के विरोध में अभिभावकों ने आगरा की एमजी रोड के सूरसदन चौराहे, हरी पर्वत,सेंट जोन्स और राजामंडी चौराहे पर आम लोगों से भीख मांगी. उनका कहना था कि यह पैसे वो जिलाधिकारी महोदय को देंगे ताकि स्कूलों को पैसे पहुंचा दिए जाएं. उनका कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई से बच्चों की आंखें भी खराब हो रही हैं.
Input: ZeeNews



Leave a Reply