मुंबई : दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ का सभी को बेसब्री से इंतजार है। सुशांत के फैंस इस फिल्म को लेकर काफी इमोशनल हैं। वह चाहते हैं कि यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के चलते लॉकडाउन से सभी थियेटर अभी बंद है। ‘दिल बेचारा’ का ट्रेलर रिलीज होने जा रहा है। फिल्म मेकर्स चाहते हैं कि यह बेहद खास हो।
जानकारी के अनुसार, ‘दिल बेचारा’ के मेकर्स 6 जुलाई को फिल्म का ट्रेलर ऑनलाइन लॉन्च करने वाले हैं। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के अपॉजिट संजना सांघी है। संजना इसी फिल्म से डेब्यू कर रही हैं।
‘दिल बेचारा’ 24 जुलाई को रिलीज होने जा रही है। कोरोना वायरस के चलते यह फिल्म सिनेमा घरों में नहीं लगेगी। इसे सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज किया जाएगा। डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने बताया कि यह फिल्म पहले मई में रिलीज होनी थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई थी। बता दें मुकेश छाबड़ा ही वो शख्स हैं जिन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर के तौर पर सुशांत सिंह राजपूत को उनकी पहली फिल्म ‘काई पो चे’ में एक हीरो के रूप में कास्ट किया था।
सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म ‘दिल बेचारा’ हॉलीवुड फिल्म ‘द फॉल्ट इन आवर स्टार्स’ की रीमेक है। फिल्म में सैफ अली खान भी एक छोटी-सी भूमिका में नजर आएंगे। ‘दिल बेचारा’ का संगीत एआर रहमान ने दिया है और इसके गीत अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।

स्क्रिप्ट पढ़े बिना ही ‘दिल बेचारा’ के लिए सुशांत ने भर दी थी हामी
कास्टिंग डायरेक्टर से फिल्मकार बने मुकेश छाबड़ा ने इस बात का खुलासा किया है कि सुशांत सिंह राजपूत उनके द्वारा निर्देशित पहली फिल्म ‘दिल बेचारा’ की स्क्रिप्ट को पढ़े बिना ही इसका हिस्सा बनने के लिए तैयार हो गए थे।
उन्होंने बीती बातों को याद करते हुए कहा, “सुशांत यह समझ चुके थे कि मेरा मन कभी न कभी खुद की अपनी फिल्म बनाने का है और उन्होंने मुझसे वादा किया था कि जब कभी मैं इसे बनाने का फैसला लूंगा तो वह मेरी फिल्म में जरूर काम करेंगे।”
मुझे याद था कि सुशांत ने काफी लंबे समय पहले मुझसे वादा किया था कि जब कभी मैं अपनी फिल्म बनाऊंगा तो वह उसमें मुख्य अभिनेता के तौर पर शामिल होंगे और उन्होंने अपना वादा निभाया। जब मैंने ‘दिल बेचारा’ के लिए उनसे संपर्क किया तो उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़े बिना ही तुरंत हामी भर दी। हम दोनों के बीच में हमेशा से ही इतना मजबूत भावनात्मक जुड़ाव था।”



Leave a Reply