रेलवे ने अब लंबी दूरी की विभिन्न ट्रेनों से स्लीपर कोच को कम करने व एसी कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। वहीं, अभी जनरल कोच की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रेलवे बोर्ड ने इसकी सूचना जारी कर दी है। पूर्व मध्य रेलवे को इसे शीघ्र लागू करने का आदेश दिया है। मुख्यालय ने सभी डिवीजन को निर्देश दिए हैं।
रेलवे बोर्ड ने जारी की सूचना, पूर्व मध्य रेलवे को शीघ्र लागू कराने का दिया आदेश
सप्तक्रांति और वैशाली एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में कम होगी स्लीपर कोच की संख्या
22 कोच जोड़कर ही चलेंगी नन प्रीमियम टाइप ट्रेनें
जानकारी के अनुसार रेलवे बोर्ड ने नन प्रीमियम टाइप (सप्तक्रांति, वैशाली, यशवंतपुर, पवन व स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समेत अन्य) ट्रेनों में कोच की कुल संख्या जारी की है। नई व्यवस्था के तहत अब इन ट्रेनों में स्लीपर के सात, 3-एसी के छह, 2-एसी के दो और जनरल के चार कोच रहेंगे। इसके साथ ही पेंट्रीकार का एक, पावर कार जेनरेटर एक, गार्ड व लगेज का एक-एक कोच होगा। एक ट्रेन कुल 22 कोच जोड़कर चलेगी। वहीं, वर्तमान में सप्तक्रांति में स्लीपर के 10, 3-एसी के तीन, 2-एसी का एक कोच है।

इस बारे में पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि रेलवे बोर्ड से नन प्रीमियम टाइप वाली ट्रेनों में एसी कोच बढ़ाने व स्लीपर कम करने का निर्देश मिला है। सभी डिवीजन को इसकी सूचना भेजी गई है। शीघ्र ही नई व्यवस्था लागू होगी।



Leave a Reply