जिले में जून में अबतक हुई बारिश ने पिछले 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस माह सापेक्ष वर्षापात 164.1 मिमी रहा है। वहीं, 28 दिनों में जिले में 274.2 मिमी बारिश हो चुकी है। ये 110.1 मिमी अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के वेबसाइट के अनुसार 22 साल में जून में इतनी बारिश कभी नहीं हुई है। कृषि वैज्ञानिकों की मानें तो इस बार बारिश का रिकॉर्ड बनता जा रहा है। यही नहीं पिछले दो दशक में ऐसा पहली बार हुआ है जब आद्र्रा नक्षत्र में इतनी बारिश हुई है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने भी कहा कि इस बार रिकॉर्ड बारिश हुई है।
आद्र्रा नक्षत्र के आठ दिनों में 93.3 मिमी बारिश : आद्र्रा नक्षत्र की 21 जून को शुरुआत हुई थी। पहले दिन ही 6.2 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद से 28 जून तक आठ दिनों में 93.9 मिमी वर्षा हुई है। दो दशक में यह पहला मौका है जब आद्र्रा नक्षत्र में इतनी बरसात हुई है। अबतक इस नक्षत्र में बूंदाबांदी या हल्की बारिश होती थी। जानकारों की मानें तो आद्र्रा नक्षत्र की चंद बूंदों का खेतों में पड़ना ही फसलों के लिए संजीवनी व किसानों के लिए समृद्धि का कारण बनती है। लेकिन, इस बार जबरदस्त बारिश हो रही है। किसान इसका फायदा भी उठा रहे हैं। हालत यह है कि 65 फीसद खेतों में धान की रोपनी हो चुकी है।
सबसे अधिक साहेबगंज और सबसे कम मड़वन में हुई बारिश : रविवार को जिले में कुल 11.8 मिमी औसतन बारिश हुई। इसमें साहेबगंज में सर्वाधिक 31 मिमी बारिश हुई। वहीं, सबसे कम मड़वन में 2.2 मिमी वर्षा हुई। मीनापुर का इलाका सूखा रहा। औराई में 14.6, बंदरा में 20.2, बोचहां में 12.8, गायघाट में 17.4, कांटी में 15.0, कटरा में 18.4, कुढ़नी में 4.6, मोतीपुर में 25.6, मुशहरी में 6.8, मुरौल में 7.2, पारू में तीन, सकरा में 7.4 व सरैया में 3.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आज भी तेज बारिश के आसार : रविवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। वहीं अलग-अलग इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। अधिकतम तापमान 29.5 व न्यूनतम 27.5 डिग्री रहा। पिछले साल 28 जून का तापमान अधिकतम 40 व न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा था। उधर, मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा ने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर में भारी वर्षा हो सकती है। एक जुलाई तक 12 से 15 किलोमीटर की रफ्तार से पुरवा हवा भी चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 34 और न्यूनतम 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।



Leave a Reply