BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

कटिहार में बर्ड फ्लू की दस्तक से ह’ड़कंप, कौवों की सामूहिक मौ’त के बाद प्रशासन अलर्ट, सख्त निगरानी शुरू

कटिहार:  जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। कुर्सेला थाना क्षेत्र से जुड़े इलाकों में पिछले दिनों एक साथ कई कौवों के मृत पाए जाने की घटना ने पहले ही सनसनी फैला दी थी। अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इस आशंका पर मुहर लग गई है कि पक्षियों की मौत बर्ड फ्लू संक्रमण के कारण हुई।

जानकारी के मुताबिक, कौवों की संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही प्रशासन ने तत्काल सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन ने तय प्रोटोकॉल के तहत विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पशुपालन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी गई है।

इससे पहले भागलपुर में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे। भागलपुर से सटे कटिहार जिले के कुर्सेला में जब एक साथ कई कौवे मृत पाए गए, तभी से संक्रमण की आशंका गहरा गई थी। अब पुष्टि के बाद प्रशासन कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित इलाके में विशेष निगरानी रखें, पोल्ट्री फार्म और पक्षी बाजारों पर नजर बनाए रखें तथा लोगों को जागरूक करें। साथ ही, मृत पक्षियों को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।

स्वास्थ्य विभाग को भी एहतियातन अलर्ट किया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी मृत पक्षी को न छुएं और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय अधिकारियों को दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात ही बचाव है इसी मंत्र के साथ जिला प्रशासन पूरी तरह चौकस नजर आ रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.