पटना : पटना में 24 वर्षीय युवती ने एक युवक के खिलाफ एआई तकनीक से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेलिंग, बदनामी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवती का कहना है कि आरोपित ऋषि राज की हरकतों से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा उसके विवाह में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, ऋषि राज जक्कनपुर के नवरतनपुर में किराए के मकान में रहता है। पीड़िता का भाई पढ़ाई के लिए आईआईटी गुवाहाटी गया हुआ है। आरोप है कि ऋषि को यह जानकारी थी कि घर में कोई वयस्क पुरुष सदस्य मौजूद नहीं है। इसके बाद वह गलत नीयत से युवती के घर आने लगा।

पीड़िता की मां ने इस संबंध में ऋषि के माता-पिता, बड़े भाई और बड़ी बहन से शिकायत की, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित जबरन घर में घुसकर पीड़िता और उसके परिवार को भद्दी गालियां देता है और जबरन उठाकर ले जाने की धमकी देता है। युवती का आरोप है कि ऋषि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उसे धमकाता है। विरोध करने पर उसने परिवार के अन्य सदस्यों को भी कॉल कर धमकाया।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपित ने एआई तकनीक की मदद से तैयार की गई पीड़िता से संबंधित आपत्तिजनक तस्वीरें उसे और उसके रिश्तेदारों को भेजीं। आवेदन में पीड़िता का यह भी कहना है कि इन घटनाओं से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो उसके पास मौजूद हैं। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना के कारण वह और उसकी मां मानसिक तनाव में हैं और भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रही हैं।

छात्रा से छेड़खानी करने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा
इधर पटना में कदमकुआं पुलिस ने छात्रा से छेड़खानी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान खगड़िया के महेशखूंट बाजार निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद गुरुवार को युवक को जेल भेज दिया गया। थानेदार ने बताया कि छात्रा कदमकुआं इलाके में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। आरोपित भी पटना में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा है। युवक कई दिनों से छात्रा का पीछा कर रहा था। बुधवार को उसने रास्ते में छात्रा को रोककर उसके साथ छेड़खानी की और फरार हो गया। पीड़िता द्वारा घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को मुसल्लहपुर इलाके से धर दबोचा।




Leave a Reply