Breaking NewsSTATEUTTAR PRADESH

“जय हिंद” कोरोना योद्धाओं के सम्मान में आज सेना हेलीकाप्टर से करेगी पुष्पवर्षा, सबसे पहले BHU में बरसेंगे फूल..

कोरोना पीड़ितों की सेवा में दिन रात लगे स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान और मरीजों व शहर के लोगों के उत्साहवर्द्धन के लिए वायुसेना के दो हेलीकाप्टर रविवार को आकाश से पुष्पवर्षा करेंगे। बीएचयू स्थित दो अस्पतालों, जिला व  ईएसआई अस्पताल पर हेलीकॉप्टर से 400 किलो फूलों की बारिश होगी।

जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा के अनुसार प्रयागराज से वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर बाबतपुर एयरपोर्ट पर 10 बजे के पहले पहुंच जाएंगे। वहां से वे 400 किलो फूलों के साथ उड़ान भरेंगे। सुबह 10 बजे सबसे पहले बीएचयू के सर सुंदरलाल और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, फिर 10.45 बजे पांडेयपुर स्थित जिला और ईएसआई अस्पताल पर फूलों की बारिश होगी। हेलीकॉप्टर शहर में भी उड़ान भरेंगे। पुष्प वर्षा के दौरान सेना के जवान और जिले के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

विंग कमांडर शिवा सुब्रमण्यम ने बताया कि कोरोना योद्धाओं के सम्मान में वायु सेना प्रमुख के निर्देश पर देश में जगह-जगह यह कार्यक्रम होने वाला है ताकि कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़े और हम इस आपदा से बाहर निकल सकें।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को कहा था कि कोरोना योद्धाओं के सम्मान में वायुसेना एक फ्लाई पास्ट श्रीनगर से त्रिवेंद्रम और दूसरा डिब्रूगढ़ से कच्छ के बीच करेगी।इसमें ट्रांसपोर्ट और फाइटर एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। शसस्त्र बल 3 मई को पुलिस मेमोरियल पर फूल चढ़ाएंगे। इसके साथ ही आर्मी हर जिले में कोविड अस्पतालों के पास माउंटेन बैंड परफॉर्मेंस देगी।

उन्होंने कहा था कि सशस्त्र बलों की ओर से हम सभी कोविड-19 वॉरियर्स को धन्यवाद देना चाहते हैं। डॉक्टरों, नर्सों, स्वच्छता कर्मचारियों, पुलिस, होमगार्ड, डिलीवरी बॉय और मीडिया जो मुश्किल समय में आगे बढ़ने के लिए सरकार के संदेश के साथ लोगों तक पहुंच रहे हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.